डूंगरपुर के रामसोर जूना में निर्विरोध सरपंच चुने जाने के बाद ग्रामीणों ने जुलूस निकाला।   

डूंगरपुर जिले की भंडारी पंचायत समिति की रामसोर जूना ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने आपसी सहमति और एकजुटता का परिचय देते हुए सरपंच समेत पूरी कोरम को निर्विरोध चुन लिया है। चौरासी क्षेत्र की इस पंचायत में सरपंच पद से लेकर सभी सात वार्ड पंचों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। सरपंच पद पर पूर्व सरपंच के पति जयन्तिलाल डामोर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पंचायत चुनाव 2026 के तहत रामसोर जूना पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति नामांकन प्रक्रिया के दौरान बनी। सरपंच पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। वहीं, वार्ड पंच पदों पर कुछ उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद प्रत्येक पद पर एक-एक नामांकन शेष रहा। जांच और निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने पूरी कोरम के निर्विरोध चुने जाने की आधिकारिक घोषणा कर दी।

जयन्तिलाल डामोर को निर्विरोध सरपंच घोषित किया गया। इससे पहले उनकी पत्नी इस पंचायत की सरपंच थीं। उनके कार्यकाल के दौरान पंचायत क्षेत्र में हुए रिकॉर्ड विकास कार्यों, जनहित की योजनाओं और पारदर्शी कार्यशैली से प्रभावित होकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर उनके पति को निर्विरोध सरपंच चुनने का निर्णय लिया। पत्नी के कार्यकाल में किए गए कार्यों का मान रखते हुए ग्रामीणों ने जयन्तिलाल डामोर को पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी।

पंचायत के सभी सात वार्डों में भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वार्ड 1 से रमण यादव, वार्ड 2 से राकेश डामोर, वार्ड 3 से कमलेश डामोर, वार्ड 4 से मंजी डामोर, वार्ड 5 से सुशीला देवी लबाना, वार्ड 6 से भगवती लाल डामोर और वार्ड 7 से रमिला निर्विरोध वार्ड पंच निर्वाचित हुईं।

सरपंच सहित पूरी कोरम के निर्विरोध चुने जाने के बाद गांव में सौहार्द और उत्सव का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि निर्विरोध चुनाव से मतदान प्रक्रिया पर होने वाले अनावश्यक खर्च की बचत हुई है और गांव में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक सहमति का रास्ता खुला है।

इस बीच, डूंगरपुर जिले की सात पंचायत समितियों की 232 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। रामसोर जूना पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन के बाद ग्रामीणों ने विजय जुलूस निकालकर इस उपलब्धि का उत्सव मनाया।

Tags: