डूंगरपुर में आज गाजे-बाजे के साथ विराजेगा कल्पसूत्र, होगी ज्ञान पूजा
डूंगरपुर में पर्युषण पर्व के तीसरे दिन पौषध व्रत और रात्रि जागरण हुआ। आज कल्पसूत्र वाचन व ज्ञान पूजा का आयोजन होगा।
श्री जैन श्वेताम्बर संघ के पर्युषण पर्व की आराधना अब परवान चढ़ने लगी है। पर्युषण पर्व के तीसरे दिन पौषध व्रत की आराधना की गई। इसके साथ ही गुरुवार रात्रि को कल्पसूत्र को लेकर रात्रि जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले भर में पर्युषण पर्व के तहत रोजाना आयोजित हो रहे धार्मिक कार्यक्रमों में धर्मप्रेमियों का उत्साह पूरे परवान पर है।
पर्युषण पर्व के तीसरे दिन शहर के माणक चौक स्थित आदिनाथ मंदिर, घाटी स्थित पार्श्वनाथ मंदिर, महावीर स्वामी मंदिर, फौज का बड़ला स्थित शांतिनाथ मंदिर, ओटा स्थित नेमिनाथ मंदिर तथा जैन सोसायटी स्थित संभवनाथ जिनालय में प्रात: प्रक्षाल, केसरपूजा, फूलपूजा के साथ चेत्यवंदन के कार्यक्रम हुए।
नेमिनाथ मंदिर के पुण्य प्रवचन हॉल में साध्वी निर्मलगुणा श्रीजी के सानिध्य में मनुष्य जीवन के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। वहीं जैन सोसायटी स्थित संभवनाथ उपाश्रय में पन्यास प्रवर भक्तिचंद्र विजय जी महाराज के सानिध्य में भी मनुष्य जीवन के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया।
दूसरी ओर गुरुवार रात्रि को फौज का बड़ला स्थित उपाश्रय में रात्रि जागरण हुआ। शुक्रवार को प्रात: 9 बजे पुण्य प्रवचन हॉल नेमिनाथ हॉल में कल्पसूत्र वोराने एवं ज्ञान पूजा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कल्पसूत्र वोराने का लाभ रूपलाल रतनलाल मेहता परिवार द्वारा लिया गया है, जबकि ज्ञान पूजा लाभार्थी परिवार द्वारा की जाएगी।
इससे पूर्व कल्पसूत्र को लाभार्थी परिवार के सानिध्य में मंदिर परिसर के बाहर से गाजे-बाजे के साथ उपाश्रय में सुधर्मा स्वामी के पाठ का विराजित किया जाएगा। इधर वीशा हुम्मड संघ द्वारा जैन सोसायटी स्थित संभवनाथ उपाश्रय में कल्पसूत्र का वाचन प्रारंभ किया जाएगा, जिसे लाभार्थी परिवार विजय पटवा द्वारा वोराया जाएगा।
जिले के पुनाली, बनकोड़ा, पूजपुर, बड़ौदा, बोडीगामा, आसपुर, भबराना सहित बांसवाडा व उदयपुर में भी सकल जैन श्वेताम्बर संघ द्वारा पर्युषण पर्व की आराधना परवान पर है।