डूंगरपुर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की कार्रवाई, 6 मनचले डिटेन और 6 बाइक जब्त
डूंगरपुर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने स्कूल-कॉलेजों के बाहर कार्रवाई करते हुए 6 मनचलों को डिटेन कर 6 बाइक जब्त कीं।
डूंगरपुर में स्कूल-कॉलेजों के बाहर मनचलों, हुड़दंगियों और तेज रफ्तार बाइकर्स पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक डूंगरपुर के निर्देश पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने गुरुवार को विभिन्न स्कूल-कॉलेजों और प्रमुख स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करते हुए 6 मनचले लड़कों को डिटेन किया, जबकि 4 पॉवर बाइक और 2 स्कूटी सहित कुल 6 बाइक जब्त की गईं।
पुलिस अधीक्षक डूंगरपुर की ओर से स्कूलों और कॉलेजों के बाहर मनचलों, हुड़दंगियों और बाइकर्स पर नजर रखने तथा लगातार पेट्रोलिंग करने के आदेश प्राप्त हुए थे। आदेश की पालना में गुरुवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने पीनेहे स्कूल, महारावल स्कूल, गौरीशंकर उपाध्याय स्कूल नंबर 6, शास्त्री कॉलोनी हनुमान पार्क और रिंग रोड सहित विभिन्न स्थानों पर निरंतर पेट्रोलिंग की।
पेट्रोलिंग के दौरान बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर नजर रखी गई। कार्रवाई के दौरान कालिका पेट्रोलिंग की हेड कांस्टेबल स्नेहलता, कांस्टेबल सुनीत और कल्पना की टीम ने 6 मनचले लड़कों को डिटेन किया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान 4 पॉवर बाइक और 2 स्कूटी भी जब्त कीं। डिटेन किए गए 6 लड़कों को अग्रिम कार्रवाई हेतु सूर्युद किया गया। स्कूल-कॉलेजों के बाहर लगातार पेट्रोलिंग के जरिए पुलिस ने मनचलों और हुड़दंगियों पर निगरानी बढ़ाते हुए कार्रवाई की।