डूंगरपुर: श्री जैन नवयुवक मंडल के नए अध्यक्ष चुने गए नरेश जैन
नेमीनाथ मंदिर में हुई बैठक में कोषाध्यक्ष अमोल जैन ने आय-व्यय का ब्यौरा दिया, जिसके बाद सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर नरेश जैन का मनोनयन हुआ।
डूंगरपुर में श्री जैन नवयुवक मंडल के सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए नरेश जैन।
डूंगरपुर में श्री जैन नवयुवक मंडल की नवीन कार्यकारिणी के चुनाव नेमीनाथ मंदिर के पुण्य प्रवचन हॉल में संपन्न हुए। इसमें सर्वसम्मति से नरेश जैन को आगामी एक वर्ष के लिए नवयुवक मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। अध्यक्ष पद के लिए पंकज नवकार, अजीत जैन और नरेश जैन के नाम प्रस्तावित हुए थे। इसके बाद तीनों के बीच सर्वसम्मति बनाने की प्रक्रिया के तहत नरेश जैन को अध्यक्ष चुना गया।
चुनाव से पहले पूर्व अध्यक्ष शैलेश मेहता ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने वर्षभर में आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद कोषाध्यक्ष अमोल जैन ने विभिन्न कार्यक्रमों में हुए खर्च और प्राप्त आय का हिसाब प्रस्तुत किया।
नवीन कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया चुनाव अधिकारी पूरणमल जैन, दिगपाल गांधी, सिद्धार्थ मेहता तथा चेतन सेठ के सानिध्य में शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम सामने आने के बाद सर्वसम्मति से नरेश जैन को आगामी एक वर्ष के लिए अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर संजय मेहता, पवन सेठ, दिलीप जैन सहित समाज के वरिष्ठजन और नवयुवक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व महामंत्री सुनील जैन ने किया।