डूंगरपुर पंचायती राज चुनाव: मतगणना से तय होगी जिला परिषद की सत्ता
| कांग्रेस, भाजपा और बीएपी के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा, विकास फंड और प्रशासनिक कामकाज पर जनादेश का असर दिखेगा।
डूंगरपुर। पंचायती राज चुनाव के नतीजों का इंतजार अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। शुक्रवार को मतगणना शुरू होते ही जिला परिषद और पंचायत समितियों की सत्ता की तस्वीर साफ होने लगेगी। दोपहर तक यह तय हो जाएगा कि जिले की सरकार पर किसी एक राजनीतिक दल का कब्जा होगा या फिर इस बार भी मिली-जुली सरकार बनाने की स्थिति सामने आएगी। तीनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को बाड़ाबंदी में रखा है। ऐसे में हार-जीत को लेकर राजनीतिक गलियारों में कयासों का दौर तेज हो गया है।
पंचायती राज चुनाव संपन्न हुए एक पखवाड़े से अधिक समय बीत चुका है। इस बार भाजपा, कांग्रेस और तीसरे मोर्चे के रूप में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने पूरी तैयारी के साथ जिला परिषद और पंचायत समितियों के लिए प्रत्याशियों का चयन किया था। अब मतगणना के साथ ही तीनों दलों की चुनावी रणनीति और प्रत्याशियों के प्रदर्शन की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष गणेश घोघरा के नेतृत्व में चुनावी मैदान में अपनी ताकत झोंकी थी। पार्टी ने पूर्व जिला प्रमुख रतनदेवी बराड़ा, पूर्व विधायक पूंजीलाल परमार और पूर्व उपजिला प्रमुख प्रेम कुमार पाटीदार सहित कई प्रमुख चेहरों को जिला प्रमुख के वार्डों से चुनाव लड़ाया। वहीं, बीएपी की ओर से अनुतोष रोत, दिग्विजय सिंह चुण्डावत और कांतिलाल आदिवासी प्रमुख चेहरे रहे।
दूसरी ओर, भाजपा की ओर से इस बार चुनावी समर में कोई प्रमुख चेहरा नजर नहीं आया। चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खास दिलचस्पी देखने को नहीं मिली। इसके पीछे संगठन में गुटबाजी और कमजोर नेतृत्व को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि डूंगरपुर की जनता ने किस राजनीतिक दल पर भरोसा जताया है। इसी जनादेश से जिला परिषद और पंचायत समितियों में सत्ता की दिशा तय होगी। जिले में चुनावी परिणाम इसलिए भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, क्योंकि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह हावी बताई जा रही है और विकास कार्यों की रूपरेखा अपनी मर्जी से तैयार किए जाने की बात सामने आ रही है।
जनजाति बहुल जिले डूंगरपुर में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये आते हैं, लेकिन आमजनता को उनका समुचित लाभ नहीं मिल पाने का मुद्दा भी अहम बना हुआ है। इसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में मतदाताओं ने किन मुद्दों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, इसका जवाब शुक्रवार को मतगणना के नतीजों से मिलेगा।
अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। जिला परिषद और पंचायत समितियों के परिणाम न केवल राजनीतिक दलों की ताकत का आकलन करेंगे, बल्कि यह भी स्पष्ट करेंगे कि डूंगरपुर की जनता ने आगामी कार्यकाल के लिए किसे जिले की सरकार चलाने की जिम्मेदारी सौंपी है।