तस्वीर में कामा विधायक नौक्षम चौधरी पहाड़ी स्थित अपने कार्यालय में ग्रामीण और आमजन की समस्याएं सुनते हुए नजर आ रही हैं।

कामा विधायक नौक्षम चौधरी ने मंगलवार को पहाड़ी स्थित अपने कार्यालय पर जनसुनवाई कर क्षेत्र के ग्रामीणों और आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक के समक्ष पहुंचे और अपनी शिकायतों से अवगत कराया।

विधायक नौक्षम चौधरी ने लोगों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा की। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

जनसुनवाई के दौरान सड़क, बिजली, पानी, सफाई, जल निकासी, राजस्व, पुलिस और नगर पालिका से संबंधित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनमें मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई के दौरान एसडीएम जोगेंद्र गुर्जर, सीओ अमर सिंह, नगर पालिका पहाड़ी के ईओ राजकुमार खड़ेलवाल, पहाड़ी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह, गोपालगढ़ थाना अधिकारी राम निवास सहित क्षेत्र के सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

विधायक नौक्षम चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से ही आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है।

जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे विधायक के सामने रखने पर संतोष जताया। विधायक ने आश्वासन दिया कि जनसुनवाई में सामने आने वाली समस्याओं की संबंधित विभागों से लगातार समीक्षा की जाएगी और समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags: