तस्वीर में डीग के मंदिर परिसर के बाहर भगवा वस्त्र और गमछे पहने कांवड़ियों का दल समूह में नजर आ रहा है।

सावन माह के अवसर पर शनिवार दोपहर डीग शहर के ऊ गेट से करीब 70 कांवड़ियों का दल डाक कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार रवाना हुआ। यात्रा शुरू करने से पहले कांवड़ियों ने मुरली मनोहर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव से यात्रा की सफलता तथा सभी कांवड़ियों की सुखद यात्रा की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद कांवड़ियों ने डीजे, ढोल और नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ आगे बढ़े। इससे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गणेश मंदिर पहुंची।

गणेश मंदिर पहुंचने पर कांवड़ियों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद सभी कांवड़िए हरिद्वार के लिए प्रस्थान कर गए।

कांवड़ियों का यह दल हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के रूप में वापस लौटेगा। सावन माह में भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने की धार्मिक परंपरा के तहत यह यात्रा की जा रही है। यात्रा को लेकर कांवड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया। रवाना होते समय ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

Tags: