तस्वीर में डीग में आयोजित हर घर तिरंगा रैली के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विधायक डॉ. शैलेश सिंह, अधिकारी और स्थानीय नागरिक नजर आ रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को डीग शहर में ‘हर घर तिरंगा’ रैली का आयोजन किया गया। रैली में शहरवासियों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने पूरे रास्ते देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

रैली के मुख्य अतिथि डीग विधायक डॉ. शैलेश सिंह रहे। विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने गांधी नेहरू पार्क से तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तिरंगे को देखकर प्रत्येक भारतीय को गर्व की अनुभूति होती है। तिरंगा हमारे देश की शान और आन-बान का प्रतीक है। देश की आजादी और तिरंगे की खातिर अनेक वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे का सम्मान करे और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाए।

रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। विद्यार्थियों के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगे का स्वागत किया और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।

‘हर घर तिरंगा’ रैली नेहरू गांधी पार्क से शुरू हुई। यहां से रैली गणेश मंदिर पहुंची, जिसके बाद पुरानी अनाज मंडी, लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, घंटाघर और नई सड़क होते हुए वापस नेहरू पार्क पहुंची। रैली के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर तिरंगे लहराते नजर आए। विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

रैली का समापन पार्क में किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एडीएम राजकुमार कस्बा, उपखंड अधिकारी अमित कुमार मीणा, तहसीलदार अंकित कुमार, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश बंसल, शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राकेश गिरसे, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता एडवोकेट, खेमचंद कोली, दाऊ दयाल नसवारिया, भावना गधी, नेतराम जाटव, पवन खंडेलवाल, इंदर फौजदार, जगदीश टकसालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


Tags: