डीग के वार्ड 31 में पांच दिन से पानी बंद होने पर महिलाओं व लोगों का प्रदर्शन, घेराव की चेतावनी।

डीग। शहर के वार्ड 31 में पिछले पांच दिनों से पानी की सप्लाई बंद होने से लोगों का आक्रोश सामने आया। पेयजल संकट से परेशान वार्ड की महिलाओं ने प्रदर्शन कर जलदाय विभाग के प्रति नाराजगी जताई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा ने मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर जनता कब तक पानी के लिए परेशान होती रहेगी।

गिरीश शर्मा ने बताया कि वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। घरों में मांगलिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं और मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ है। ऐसे समय में लगातार पांच दिनों से जलापूर्ति बंद रहने के कारण आमजन, माताओं-बहनों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डवासी अपनी समस्या लेकर जब जलदाय विभाग के अधिकारियों को फोन करते हैं, तो अधिकारी फोन तक उठाना उचित नहीं समझते। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर आमजन अपनी फरियाद किससे करें। अधिकारियों की कथित लापरवाही के चलते वार्ड 31 की जनता पेयजल संकट से जूझ रही है।

गिरीश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि पानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन और जलदाय विभाग के अधिकारियों से वार्ड 31 में जलापूर्ति तत्काल सुचारु करवाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जलदाय विभाग कार्यालय का घेराव कर जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अब जनता की परेशानी और बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह किसी राजनीति का विषय नहीं, बल्कि हर घर की बुनियादी जरूरत से जुड़ा सवाल है। पांच दिनों से जारी जलसंकट के बीच वार्डवासियों ने तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान मनीषा शर्मा प्रदेश सचिव ब्राह्मण समाज, रेखा शर्मा, पूर्व पार्षद गीता शर्मा, त्रिवेणी शर्मा, पिस्ता प्रजापत, पुष्पा, गीता, अंगूरी आदि मौजूद थे।

Tags: