डीग। बृजनगर में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। कस्बे में शहर कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बृजनगर के तत्वावधान में इंदिरा गांधी सर्किल पर जयंती समारोह सादगी और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया।

इस दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर फूल-मालाएं अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके जीवन, देशप्रेम तथा दृढ़ इच्छाशक्ति को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी के साहसिक निर्णय, दूरदर्शी नीतियां और गरीब हटाओ अभियान जैसे कदम देश के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान के रूप में याद किए जाते हैं।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के प्रति इंदिरा गांधी का समर्पण, उनकी निर्णय लेने की क्षमता और मजबूत इच्छाशक्ति आज भी स्मरणीय है। उनके नेतृत्व में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश की दिशा तय करने में अमूल्य योगदान दिया।

इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्रीकांत शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुगड सिंह जाटव, अशोक कुमार जाटव, उदय सिंह जाट, प्रताप जाटव, सौरभ प्रजापत सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Tags: