डीग में जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर सहरई ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच रुचि के खिलाफ दो जगह मतदाता सूची में नाम होने की शिकायत देने पहुंचे ग्रामीण।

डीग, 17 नवंबर। ग्राम पंचायत सहारई की नवनिर्वाचित सरपंच रुचि के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों की मतदाता सूचियों में नाम दर्ज होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारी डीग को शिकायत दी है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायतकर्ता नरेश पुत्र रघुवीर निवासी नगला भढई (सहराई) ने अपनी शिकायत में बताया कि नवनिर्वाचित सरपंच रुचि का नाम ग्राम पंचायत सहराई के वार्ड संख्या 1 की मतदाता सूची में क्रमांक 497 पर दर्ज है। वहीं, नगर परिषद डीग के वार्ड संख्या 28 की मतदाता सूची में भी उनका नाम क्रमांक 639 पर दर्ज होने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने दोनों अलग-अलग स्थानों की मतदाता सूचियों में नाम दर्ज होने के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए सरपंच पद से हटाने की प्रक्रिया अपनाने की मांग जिला कलेक्टर एवं उपखंड अधिकारी से की है।

इस दौरान दर्जनों की तादात में ग्रामीण मौजूद रहे। अब शिकायत के आधार पर मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों की नजरें जिला प्रशासन पर टिकी हैं।

Tags: