डीग पंचायत चुनाव मतगणना के लिए विशेष ट्रैफिक व पार्किंग प्लान जारी
| किशनलाल जोशी स्कूल में होने वाली मतगणना के दौरान यातायात व सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन ने मार्गों के अनुसार पार्किंग और वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं।
डीग। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 20 नवंबर, शुक्रवार को होने वाली मतगणना के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। इसके तहत अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित करने के साथ मतगणना केंद्र तक पहुंचने के प्रवेश मार्ग भी तय किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि मतगणना किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग में होगी। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न श्रेणियों के लोगों के वाहनों की पार्किंग उनके आगमन मार्ग के अनुसार निर्धारित की गई है।
मतगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग मा. आदिदेवेंद्र राजकीय महाविद्यालय, बस स्टैंड के पीछे डीग में रहेगी। इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रवेश भी बस स्टैंड के पीछे स्थित महाविद्यालय की ओर से निर्धारित मार्ग से होगा।
जनूथर एवं नगर रोड की ओर से आने वाले प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं एवं अन्य व्यक्तियों के वाहनों के लिए कृषि अनाज मंडी, नगर रोड, डीग में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, कुम्हेर की ओर से आने वाले प्रत्याशियों एवं अभिकर्ताओं के वाहन बिजलीघर के सामने पुराने एसडीएम कार्यालय के बाहर स्थित मैदान में खड़े होंगे।
इसी प्रकार कामां एवं बहज की ओर से आने वाले प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं एवं अन्य व्यक्तियों के वाहनों की पार्किंग मेला मैदान, डीग में निर्धारित की गई है। निगोही की ओर से आने वाले प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं एवं अन्य व्यक्तियों के वाहन बबलू सरपंच के बाड़ा, बंधा गेट के पास, निगोही रोड, डीग में पार्क किए जाएंगे। इन सभी श्रेणियों के प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं एवं अन्य व्यक्तियों को मतगणना स्थल पर प्रवेश किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग के मुख्य द्वार से ही मिलेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यातायात व्यवस्था में किए गए बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि 20 नवंबर को प्रातः 4 बजे से मतगणना संपन्न होने तक बस स्टैंड से किशनलाल जोशी विद्यालय के सामने से गणेश मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा।
इस दौरान बस स्टैंड डीग, नगर एवं कुम्हेर की ओर से गणेश मंदिर तथा कामां की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन एसडीएम तिराहा, पुराना बस स्टैंड और सरकारी अस्पताल के सामने से होते हुए गणेश मंदिर मार्ग की ओर जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने आमजन और मतगणना कार्य से जुड़े सभी संबंधित व्यक्तियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों एवं प्रवेश मार्गों का ही उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। मतगणना के दिन निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करना प्रशासनिक एवं यातायात प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा।