डीग और कुम्हेर में पंचायतीराज चुनाव की तैयारी तेज, 820 EVM आवंटित
ईवीएम के प्रथम और मतदान दलों के द्वितीय रेंडमाइजेशन के साथ 312 केंद्रों के लिए 820 ईवीएम और 1560 मतदान कार्मिक आवंटित किए गए।
डीग में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित।
डीग, 6 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण को लेकर डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में निर्वाचन तैयारियों ने गति पकड़ ली है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष के निर्देशन में ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन और मतदान दलों का द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न कराया गया। इस प्रक्रिया के तहत दोनों पंचायत समिति क्षेत्रों के 312 मतदान केंद्रों के लिए कुल 820 ईवीएम का आवंटन किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चतुर्थ चरण के चुनाव के लिए डीग के 153 और कुम्हेर के 159 मतदान केंद्रों सहित कुल 312 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का रेंडमाइजेशन किया गया। आवंटित 820 ईवीएम में प्रशिक्षण के उद्देश्य से डीग की 4 तथा कुम्हेर की 4 ईवीएम भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत डीग क्षेत्र की 46 और कुम्हेर क्षेत्र की 40 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान दलों एवं निर्वाचन अधिकारियों का आवंटन भी किया गया है। इसके अंतर्गत डीग क्षेत्र में 765 तथा कुम्हेर क्षेत्र में 795 मतदान कार्मिक आवंटित किए गए हैं।
रेंडमाइजेशन की इस प्रक्रिया के दौरान संयुक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग जगदीश प्रसाद, प्रोग्रामर पीयूष कुलश्रेष्ठ सहित मतदान शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ईवीएम और मतदान दलों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण की निर्वाचन तैयारियों को आगे बढ़ाया गया है।