डीग में दीपावली पूर्व मिलावट रोधी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने मिठाई दुकान की जांच की।

डीग, 6 नवंबर। दीपावली के त्योहार से पहले मिठाइयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने डीग में मिठाई विक्रेताओं के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। राज्य सरकार के शुद्ध आहार मिलावट पर वार दीपावली अभियान के तहत शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूनीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान पनीर, मावा, बर्फी, कलाकंद और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त जयपुर, जिला कलेक्टर मयंक मनीष एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल के निर्देशन में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मैसर्स सोनी मिष्ठान भंडार से पनीर और मावा, राधिका मिष्ठान भंडार से मावा तथा कपूर मिष्ठान भंडार से मावा, कलाकंद और बूंदी लड्डू के एक-एक नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा टीम ने मिठाई विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि मिठाइयों में किसी भी प्रकार के कृत्रिम रंग का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रंगयुक्त मिठाइयों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

कार्रवाई के दौरान संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, भरतपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा टीम ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दीपावली के मद्देनजर जिले में मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूनीकरण का अभियान लगातार जारी है।

Tags: