पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मतदान केंद्र पर पहचान पत्र दिखाते हुए मतदाता।   

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत गुरुवार को जिले में ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। बैलेट पेपर के माध्यम से हो रहे मतदान के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ तथा उपखंड अधिकारी बृजनगर ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रसिया, महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल सुन्द्रावली एवं महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल मुड़िया स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि जिले में सभी स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि मतदान के साथ ही मतदान के बाद होने वाली मतगणना की प्रक्रिया भी शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह 10 बजे तक बृजनगर पंचायत समिति क्षेत्र में 24.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, कामां पंचायत समिति क्षेत्र में 21.66 प्रतिशत और पहाड़ी में 14.82 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सुबह से ही जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिल रही है। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। मतदान के साथ ही प्रशासन का फोकस मतगणना को भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने पर है।

Tags: