डीग के बाल मित्र ग्राम में दीपावली के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में बच्चे

डीग, 6 नवंबर। दीपावली के अवसर पर बच्चों में रचनात्मकता, सामाजिक संवेदनशीलता और करुणा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन्स फाउंडेशन की ओर से बाल मित्र ग्राम निगोही, टोडा एवं रुधखोह में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में 100 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं और सकारात्मक संदेशों एवं प्रेरणादायक स्लोगन से सजे ग्रीटिंग कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही बच्चों को जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां साझा कर दीपावली का पर्व मनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर बच्चों को प्रेम, समानता, संवेदना और आपसी सहयोग की भावना के साथ 'करुणामय दीपावली' मनाने का संदेश दिया गया। उन्हें समझाया गया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने और जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटने में निहित है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक संवेदनशीलता, करुणा एवं आपसी सहयोग की भावना विकसित करना रहा। निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने दीपावली के महत्व को अपने विचारों और कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए प्रस्तुत किया। इस पहल के जरिए बच्चों को त्योहार की खुशियों के साथ मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व भी समझाया गया।

Tags: