डीग के विद्यालय में आयोजित पुरातन छात्र मिलन समारोह में शिक्षक और पूर्व छात्र।

डीग, 10 नवंबर। माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर डीग में दीपावली के अवसर पर पुरातन विद्यार्थी मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वर्षों बाद एकत्र हुए पूर्व विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के साथ विद्यालय में बिताए दिनों को याद किया। इस दौरान गणित के वरिष्ठ अध्यापक सुनील गुप्ता के निस्वार्थ शिक्षण और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के अनुभव साझा करते हुए कई पूर्व विद्यार्थी भावुक हो उठे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ डीग के जिला उपाध्यक्ष, वरिष्ठ अध्यापक एवं स्थानीय प्रबंध समिति के संयोजक सुनील गुप्ता रहे। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों सहित समस्त स्टाफ की सहभागिता रही।

समारोह में पूर्व विद्यार्थी नरेंद्र चौहान, प्रधानाध्यापक कलावटा कामवन, आईटी अभियंता अंकुर खंडेलवाल, सीए राजू, वरिष्ठ अभियंता कृष्णा, सचिवालय जयपुर, राजस्थान विधानसभा में कार्यरत कर्मचारी, पीडब्ल्यूडी में कार्यरत कर्मचारी और आईटी प्रोफेसर सहित अनेक पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए।

पूर्व विद्यार्थियों ने बताया कि वे सुनील गुप्ता गुरुजी के पास गणित पढ़ने जाते थे, लेकिन उन्होंने कभी उनसे कोई शुल्क नहीं लिया। विद्यार्थियों ने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे आदर्श गुरु मिलना नामुमकिन ही नहीं, बल्कि असंभव है। आज भौतिकवाद के दौर में अधिकांश लोग धन को ही सब कुछ मानकर उसके लिए कार्य करते हैं, जबकि गुरुजी ने उन्हें अपनी संतान मानकर पढ़ाया। कई बार वे उनसे कॉपी-किताब तक मांग लेते थे, लेकिन अल्प वेतनभोगी होने के बावजूद उन्होंने कभी कोई शुल्क नहीं लिया। पूर्व विद्यार्थियों ने ऐसे आदर्श गुरु को दिल से नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

मुख्य वक्ता सुनील गुप्ता ने कहा कि जीवन जीने के लिए व्यक्ति के स्वभाव में अनुशासन, उच्च चरित्र, शिक्षा और संस्कार होना अत्यंत आवश्यक है। अपने लिए तो पशु-पक्षी और जानवर भी जीते हैं, लेकिन वास्तविक इंसान वही है जो परोपकार के लिए जीता है। शिक्षक की भूमिका समझाते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक उस सड़क के समान है, जो स्वयं एक ही स्थान पर रहती है, लेकिन पथिक को उसकी मंजिल तक अवश्य पहुंचा देती है।

उन्होंने बताया कि वे पिछले 29 वर्षों से डीग में गणित का शिक्षण कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपने विद्यार्थियों को सदैव अपनी संतान की तरह पढ़ाया, लेकिन स्वयं की संतान को कभी नियमित रूप से एक घंटे भी नहीं पढ़ाया।

आदर्श विद्या मंदिर की शैक्षिक एवं संस्कारपरक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि यह विद्यालय विद्यार्थियों में उच्च चरित्र, अनुशासन, समय की पाबंदी, उत्तम शिक्षण कार्य तथा माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा एवं सम्मान की भावना विकसित करता है। विद्यालय ने ऐसे चरित्रवान और अनुशासित विद्यार्थियों का निर्माण किया है, जिन्होंने आईपीएस, आरएएस, कस्टम अधिकारी, आयकर अधिकारी, बैंक प्रबंधक, विदेश सेवा, वरिष्ठ अभियंता और पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों में उच्च पद हासिल किए हैं। इसके बावजूद वे अपने गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करना नहीं भूले।

उन्होंने बताया कि ये विद्यार्थी उनके कार्यकाल के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत रहे और उनके विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करते थे। आज भी जब कहीं उनसे मुलाकात होती है तो वे पद और प्रतिष्ठा की परवाह किए बिना अपनी गाड़ी रुकवाकर चरण स्पर्श करते हैं।

कार्यक्रम में कवि जगत पाराशर ने माता-पिता और गुरुजनों को समर्पित अपनी भावनात्मक कविता 'सहस्र लकीरें स्वयं की देह पर, आंखों से नीर टपकता था...' सुनाई। कविता ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और कई लोगों की आंखों में आंसू आ गए। वहीं, शारीरिक शिक्षक सुंदर सिंह पहलवान ने 'झुक जाती है सारी दुनिया.....' कविता सुनाकर खूब तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से सभी पुरातन विद्यार्थियों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ अध्यापक गणित सुनील गुप्ता, जिनका पदस्थापन किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डीग में है, ने विद्यार्थियों को मां सरस्वती की तस्वीर और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। पुरातन विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों प्रेम चंद शर्मा, लक्ष्मीनारायण जोशी और नन्नू सिंह के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया।

समारोह में अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद खण्डेलवाल, अशोक सेठी, प्रधानाध्यापक लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, बालिका आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार शर्मा, लक्ष्मीनारायण जोशी, नन्नू सिंह, प्रबंधन समिति के सदस्य और समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में लगभग 40 पूर्व विद्यार्थियों ने भाग लिया, जो वर्तमान में विभिन्न शासकीय एवं गैर-शासकीय सेवाओं में कार्यरत रहते हुए समाज और देश की सेवा कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य लक्ष्मण प्रसाद शर्मा ने सभी अतिथियों, पूर्व विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। समारोह में गुरु-शिष्य परंपरा, निस्वार्थ शिक्षण और संस्कारों के महत्व के साथ विद्यालय से जुड़े पुराने संबंधों की आत्मीयता एक बार फिर सामने आई।

Tags: