निम्बाहेड़ा में पंचायत समिति चुनाव को लेकर पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए।

निम्बाहेड़ा में पंचायत समिति चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पूर्व नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के प्रत्याशियों, वार्ड पंच प्रत्याशियों तथा चुनाव प्रभारियों को चुनावी रणनीति और जनसंपर्क के तौर-तरीकों पर मार्गदर्शन दिया गया। विधायक ने सभी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक समन्वय, एकजुटता और पूरी सक्रियता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।

बैठक में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के प्रत्याशियों सहित वार्ड पंच प्रत्याशी, चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, संयोजक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रभावी जनसंपर्क की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी प्रत्याशी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय तथा एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचें और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।

कृपलानी ने प्रत्येक गांव, ढाणी और वार्ड में घर-घर संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से आमजन की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सुनने तथा भाजपा की नीतियों और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने चुनाव प्रबंधन में संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखते हुए सभी प्रत्याशियों को पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने की बात कही।

इससे पूर्व बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एवं पंचायत समिति चुनाव संयोजक अशोक नवलखा ने चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रभारियों, सह प्रभारियों एवं संयोजकों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए चुनाव में बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्रत्येक क्षेत्र में सक्रियता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। नवलखा ने पार्टी की चुनावी रणनीति के अनुरूप सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

बैठक को पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, भाजपा जिला प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह चौहान, पार्षद प्रकाश शर्मा और रजनीश गोठवाल ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर पूर्व प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्व उप प्रधान जगदीश आंजना, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, क्रेता व्यापार संघ अध्यक्ष नानालाल भूतड़ा, नगर परिषद उपसभापति निलेश मेहता, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष कमलेश बुनकर और भाजपा जिला मंत्री पारस वीरवाल सहित जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी, वार्ड पंच प्रत्याशी, चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, वार्ड संयोजक एवं प्रबंध समिति सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में प्रत्याशियों और संगठन पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ घर-घर जनसंपर्क, सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के प्रचार और संगठनात्मक तालमेल को चुनावी रणनीति का प्रमुख आधार बनाने पर जोर दिया गया।

Tags: