चित्तौड़गढ़ में मिलावट के खिलाफ 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान, कई सैंपल लैब भेजे
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने चित्तौड़गढ़ जिले के विभिन्न कस्बों से मिठाई, मावा और मसालों के नमूने लेकर जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भिजवाए।
चित्तौड़गढ़ जिले में दीपावली से पहले शुद्ध आहार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की।
निम्बाहेड़ा। दीपावली के त्योहार से पहले बाजार में बिक रही मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दलों ने चित्तौड़गढ़ जिले के विभिन्न शहरों और कस्बों में मिठाइयों, नमकीन, मावा, खाद्य तेल और मसालों सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाए हैं।
जिला कलेक्टर महोदया एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचन्द गुप्ता के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 05 नवंबर 2026 को प्रथम दल ने मैसर्स विजय लक्ष्मी नमकीन, चित्तौड़गढ़ से नमकीन एवं मिक्सचर नमकीन तथा मैसर्स अन्नपूर्णा मिष्ठान भण्डार, चित्तौड़गढ़ से केसर बाटी का नमूना लिया। वहीं, द्वितीय दल ने मैसर्स मातेश्वरी फीका मावा भण्डार, चित्तौड़गढ़ से रसगुल्ला एवं फीका मावा, मैसर्स चारभुजा स्वीट्स से नमकीन, ड्राई फ्रूट बर्फी एवं काजू कतली तथा मैसर्स वीर गुर्जर स्वीट्स से काजू कतली एवं मलाईबर्फी के नमूने लिए।
इससे पहले 04 नवंबर 2026 को प्रथम दल ने मैसर्स श्याम नमकीन एण्ड स्वीट्स, चित्तौड़गढ़ से बेसन एवं मूंगफली तेल के नमूने लिए। द्वितीय दल ने माहेश्वरी स्वीट्स, कनेरा से फीका मावा एवं मीठा मावा तथा मैसर्स बीकानेर मिष्ठान भण्डार, निम्बाहेड़ा से काजू कतली, गोंदपाक, मलाईबर्फी एवं कलाकन्द के नमूने लिए। इसके अलावा मैसर्स श्री नंदलाल कैलाशचन्द्र, रीको इण्डस्ट्रीयल एरिया, निम्बाहेड़ा से लाल मिर्च पाउडर एवं हल्दी पाउडर के नमूने भी लिए गए।
03 नवंबर 2026 को प्रथम दल ने खेतेश्वर जोधपुर मिष्ठान भण्डार, बड़ीसादड़ी से मीठा मावा एवं रसगुल्ला तथा मैसर्स बोम्बे रेस्टोरेंट, बड़ीसादड़ी से गुलाबजामुन एवं नमकीन के नमूने लिए। इसी दिन द्वितीय दल ने रावतभाटा में मैसर्स जोधपुर स्वीट्स एण्ड नमकीन से फीका मावा एवं मलाईबर्फी, मैसर्स गौतम स्वीट्स एण्ड नमकीन से खोपरापाक, सोयाबीन तेल एवं नमकीन तथा मैसर्स महावीर दूध डेयरी से मावाबर्फी, पनीर एवं फीका मावा के नमूने लिए। मैसर्स धाकड़ टी एण्ड ब्रेक फास्ट, रावतभाटा से बेसन के लड्डू एवं मावा पेड़ा का नमूना भी लिया गया।
अभियान के तहत 02 नवंबर 2026 को भी कार्रवाई की गई थी। इस दौरान प्रथम दल ने श्री सांवरिया ट्रेडिंग कम्पनी, कपासन से डिस्कोचक्की, मैसर्स भवानी जोधपुर मिष्ठान भण्डार, कपासन से गुलाबजामुन तथा मैसर्स मयूर प्रोविजन स्टोर, कपासन से सोन पापड़ी का नमूना लिया। वहीं, द्वितीय दल ने मैसर्स मौसम बहार स्वीट्स, निम्बाहेड़ा से काजू कतली, मूंगफली तेल एवं मैदा, मैसर्स सत्यविजय स्वीट्स प्रा. लि., निम्बाहेड़ा से मावा पेड़ा तथा मैसर्स पण्डित नमकीन, निम्बाहेड़ा से यूज्ड कूकिंग तेल एवं चना दाल नमकीन के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार इन सभी नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार राज्य केन्द्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसकी निष्कर्षों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा दलों ने संबंधित फर्मों के संचालकों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की पालना करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एफएसएसए एक्ट के तहत फूड लाइसेंस को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के लिए भी पाबन्द किया गया है।
अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने व्यापारियों से अपील की है कि वे मिलावटी एवं अवधिपार खाद्य सामग्री का क्रय-विक्रय नहीं करें। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य सामग्री का कारोबार आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और कानूनन अपराध भी है।
डॉ. गुप्ता ने आमजन से भी जिले में किसी खाद्य सामग्री में मिलावट की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के कार्यालय कंट्रोल रूम के फोन नंबर 01472-245813 पर जानकारी दी जा सकती है। त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की यह कार्रवाई जारी है।