बड़ी सादड़ी पंचायत चुनाव: केवलपुरा में वोट चौपाल आयोजित
जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में स्वीप टीम ने महिलाओं को दिलाई मतदान की शपथ, 14 और 16 नवंबर को डाले जाएंगे वोट
बड़ी सादड़ी के केवलपुरा में स्वीप टीम ने महिलाओं के बीच वोट चौपाल आयोजित कर मतदान की अपील की।
बड़ी सादड़ी। पंचायत आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में जनजाति बाहुल्य क्षेत्र केवलपुरा में स्वीप टीम बड़ी सादड़ी ने राजीविका मिशन की महिला कार्यकर्ताओं के बीच वोट चौपाल आयोजित कर ग्रामीण मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान सभी कार्यकर्ताओं को अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई गई।
आगामी 14 नवम्बर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 16 नवम्बर 2026 को सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए होने वाले मतदान को लेकर स्वीप टीम ने ग्रामीणों से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। इस दौरान नारेबाजी के माध्यम से भी मतदान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया गया। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने राजीविका मिशन की महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी 14 नवम्बर और 16 नवम्बर 2026 को मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्वीप प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी ने अभियान की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को जागरूक किया। महिला मतदाताओं को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशन में तथा रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी के सानिध्य में पूरी टीम उपखंड क्षेत्र में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रही है।
अभियान के तहत उपखंड क्षेत्र के सभी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों से ऊपर के विद्यालयों में भी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई हैं। इन प्रयासों के माध्यम से दिव्यांग मतदाताओं, महिला मतदाताओं, युवा मतदाताओं और बुजुर्ग मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान 'सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो', 'वोट हमारी जिम्मेदारी', 'लोकतंत्र रूपी महापर्व को सफल बनाएं', 'वोट जरूर दें', 'ना नोट से, ना दारू से, वोट दें अपनी इच्छा से' जैसे नारों से ग्रामीणों को निष्पक्ष और स्वेच्छा से मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। केवलपुरा की वोट चौपाल के माध्यम से राजीविका मिशन की महिला कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया गया यह संदेश अब ग्रामीण मतदाताओं को आगामी चुनाव में अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने की मुहिम का हिस्सा बना है।