चित्तौड़गढ़ में दीपावली पर सजेगी भव्य रोशनी, नगर परिषद की विशेष तैयारी
शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर आकर्षक विद्युत सजावट, स्वागत द्वार और सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे।
चित्तौड़गढ़ में दीपावली सजावट और विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करते नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी।
चित्तौड़गढ़। दीपावली पर इस बार चित्तौड़गढ़ की सड़कों और प्रमुख चौराहों का नजारा बदला-बदला नजर आएगा। शहर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाने के लिए नगर परिषद ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रमुख मार्गों पर विद्युत सजावट, भव्य स्वागत द्वार और विशेष सेल्फी पॉइंट तैयार किए जाएंगे, जो दीपावली के दौरान शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
इसी क्रम में नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का निरीक्षण कर दीपावली सजावट एवं विद्युत रोशनी की प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंभीरी पुलिया के दोनों ओर, सेतु मार्ग, सुभाष चौक और गोल प्याऊ चौराहे सहित प्रमुख स्थानों पर प्रस्तावित सजावट कार्यों का निरीक्षण किया।
इन स्थानों पर रंग-बिरंगी आकर्षक विद्युत लाइटिंग, विशेष रोशनी, भव्य स्वागत द्वार और सजावटी संरचनाएं तैयार की जाएंगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख स्थानों पर विशेष सेल्फी पॉइंट भी बनाए जाएंगे। इनकी मदद से शहरवासी, युवा और बाहर से आने वाले लोग दीपावली के दौरान यादगार तस्वीरें लेकर पर्व की खुशियों को संजो सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान सभापति ईनाणी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी सजावट कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सजावट ऐसी होनी चाहिए, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का स्वरूप निखरे तथा दीपावली के अवसर पर चित्तौड़गढ़ की सुंदरता देखते ही बने। उन्होंने विद्युत सजावट में आकर्षक डिजाइन, बेहतर रोशनी और व्यवस्थित लाइटिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
सभापति ईनाणी ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और खुशियों का महापर्व है। नगर परिषद का प्रयास है कि इस बार चित्तौड़गढ़ में दीपावली का उत्सव विशेष आकर्षण के साथ मनाया जाए। शहर को आकर्षक रोशनी, भव्य सजावट और सेल्फी पॉइंट के माध्यम से उत्सवी स्वरूप दिया जाएगा, ताकि हर आयु वर्ग के लोग सजावट का आनंद ले सकें और उन्हें दीपावली का यादगार अनुभव मिले।
नगर परिषद की इस पहल के तहत इस बार दीपावली पर चित्तौड़गढ़ के प्रमुख मार्ग, पुलिया और चौराहे रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे। आकर्षक स्वागत द्वार, विद्युत सजावट और विशेष सेल्फी पॉइंट शहर की रौनक बढ़ाने के साथ ही दीपावली उत्सव को खास पहचान देंगे।