बस्सी ग्राम पंचायत सरपंच चुनाव के दौरान पोलिंग बूथ पर हुए हमले में घायल भाजपा जिला मंत्री गोपाल चौबे (दाएं ऊपर) और स्कूल परिसर के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण व मुस्तैद पुलिसकर्मी।

बस्सी में सरपंच चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर मारपीट की घटना से माहौल गरमा गया। भाजपा के जिला मंत्री गोपाल चौबे पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदान केंद्र के बाहर एकत्र हो गए और धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

बस्सी। (प्रातःकाल संवाददाता)। विधानसभा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बस्सी में सरपंच पद के चुनाव को लेकर पहले से ही गहमागहमी बनी हुई थी। गुरुवार सुबह मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। ग्राम पंचायत बस्सी में सरपंच पद के लिए आशा व्यास, अनिता जागेटिया, अंजू कंवर और शांता कोठारी चुनाव मैदान में हैं। पिछले कुछ दिनों से यहां चुनाव को लेकर लगातार तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था।

मतदान के दौरान भाजपा के जिला मंत्री गोपाल चौबे मतदान केंद्र के बाहर पहुंचे। इसी दौरान रतन जागेटिया ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि पत्थर लगने से गोपाल चौबे के सिर में चोट आई और खून बहने लगा। वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गोपाल चौबे ने रतन जागेटिया, महेश जागेटिया सहित अन्य लोगों पर मारपीट और हमला करने का आरोप लगाया।

गोपाल चौबे ने बताया कि उनका भाई कालू चौबे मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट के रूप में काम कर रहा था और उसे धमकाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां अनिता जागेटिया के समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बस्सी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर एकत्र हो गए। लोगों ने धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट देने की बात कही। वहीं, ग्रामीणों ने चुनाव में धांधली और दादागिरी के आरोप लगाए। पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक समझाइश का दौर चलता रहा। इस दौरान कुछ समय के लिए मतदान केंद्र का मुख्य फाटक भी बंद किया गया।

पोलिंग बूथ के बाहर मारपीट और बढ़ते तनाव की सूचना पर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा, पुलिस उपअधीक्षक दिनेश सुखवाल, रविन्द्र प्रताप सिंह और थानाप्रभारी प्रेम सिंह जादौन पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने भीड़ को हटाकर स्थिति शांत कराई।

इस दौरान एसपी यादव ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इधर, अनिता जागेटिया के समर्थकों ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखते हुए बताया कि पोलिंग बूथ पर फर्जी वोट डालने की सूचना मिलने पर वे वहां पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इस दौरान आशा व्यास के समर्थकों ने उनके साथ गाली-गलौच और धक्का-मुक्की की, जिससे माहौल गरमा गया। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मतदान के दौरान हुई इस घटना के बाद बस्सी में सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी माहौल को लेकर तनाव की स्थिति बनी रही।

Tags: