95% अंक का वादा निभाया, शिक्षकों ने मेधावी छात्राओं को कराई निशुल्क हवाई यात्रा
निम्बाहेड़ा के बडोली माधोसिंह स्कूल की 96% से अधिक अंक पाने वाली मेधावी छात्राओं को शिक्षकों ने अपने खर्च पर जयपुर से बीकानेर की निशुल्क हवाई यात्रा कराई। छात्राओं ने ऐतिहासिक स्थलों के साथ करणी माता धाम के दर्शन किए।
तस्वीर में बडोली माधोसिंह स्कूल के शिक्षक, मेधावी छात्राएं और उनके परिजन एक विमान के सामने खड़े नजर आ रहे हैं।
निम्बाहेड़ा के निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडोली माधोसिंह की मेधावी छात्राओं के लिए शिक्षकों का किया गया वादा हवाई यात्रा के रूप में पूरा हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों से किए गए संकल्प के तहत कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को व्याख्याता जयसिंह मीणा, रामेश्वर लाल मेघवाल और प्रधानाचार्य रविंद्र उपाध्याय ने जयपुर से बीकानेर की निशुल्क हवाई यात्रा कराई। इसके साथ छात्राओं को जयपुर और बीकानेर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया गया तथा देशनोक स्थित करणी माता के दर्शन भी कराए गए।
विद्यालय के शिक्षकों ने गत वर्ष विद्यार्थियों से वादा किया था कि कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जयपुर से बीकानेर की निशुल्क हवाई यात्रा कराई जाएगी। इस दौरान जयपुर-बीकानेर भ्रमण के साथ देशनोक स्थित करणी माता के दर्शन कराने का भी संकल्प लिया गया था।
बडोली माधोसिंह स्कूल की छात्राओं ने कठिन परिश्रम करते हुए गत वर्ष बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। इसके बाद कक्षा 12 में अध्यापन कराने वाले व्याख्याताओं ने अपना वचन निभाते हुए छात्राओं को जयपुर से बीकानेर की निशुल्क हवाई यात्रा कराई। यात्रा के दौरान छात्राओं ने जयपुर और बीकानेर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया और मारवाड़ के प्रसिद्ध करणी माता धाम के दर्शन किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण का निर्माण, बोर्ड परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करने और विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से व्याख्याता जयसिंह मीणा और रामेश्वर लाल मेघवाल ने विद्यार्थियों को हवाई यात्रा का सपना दिखाया था। उन्होंने अपनी जेब के पैसों से छात्राओं को हवाई यात्रा कराकर यह संकल्प पूरा किया।
यात्रा से पूर्व शिक्षकों ने छात्राओं के अभिभावकों और गांव के ठाकुर साहब नारायण सिंह जी बडोली से आशीर्वाद प्राप्त किया।
छात्राओं को निशुल्क हवाई यात्रा कराने पर जौहर स्मृति संस्थान अध्यक्ष नारायण सिंह बडोली, समाजसेवी बावजी होकम घनश्याम सिंह, एडवोकेट लक्ष्मण सिंह, पूर्व जिला प्रमुख भूपेंद्र सिंह बडोली, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि दशरथ धाकड़, पूर्व उप सरपंच शंभुलाल कुमावत, पूर्व वार्ड मेंबर उदयलाल धाकड़, पूर्व पंचायत समिति सदस्य उदयलाल भील, पूर्व सरपंच गोपाल वैष्णव, पटेल माधव लाल डांगी, पटेल दिनेश धाकड़, मुकेश मेनारिया, दीपक मेनारिया, शांतिलाल डांगी तथा छात्राओं के अभिभावक बाबूलाल बग्गड़, विदेश कुमार धाकड़ आदि ने बडोली माधोसिंह स्कूल के व्याख्याताओं का आभार प्रकट किया। इस पहल के माध्यम से शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ अपने वचन और संकल्प का निर्वहन किया गया।