कानडखेड़ा में ट्रॉफी और प्रमाण पत्र लिए खड़े विजेता खिलाड़ी और अतिथि।

आकोला। कानडखेड़ा, 26 सितंबर 2026। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कानडखेड़ा में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय जिम्नास्टिक व रोलर स्केटिंग खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह शनिवार को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों तथा टीमों को सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व उप प्रधान भीम सिंह झाला रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि प्रताप सिंह भाटी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शम्भु लाल गाडरी ने की। विद्यालय के प्रधानाचार्य अर्जुन लाल खटीक ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रतियोगिता प्रभारी अशोक कुमार के साथ मदन लाल सरपंच, सीबीईओ प्रतिनिधि ओमप्रकाश खटीक, भगवान लाल गाडरी, पूर्व सरपंच उंकार पटेल, होशियार सिंह, उप सरपंच लाल सिंह भाटी, पूर्व उप सरपंच एवं एसएमसी अध्यक्ष भगवान लाल गाडरी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। समापन समारोह में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई तथा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया।

रोलर स्केटिंग की इनलाइन स्पर्धा में छात्र वर्ग में प्रथम स्थान एश्वर्य दाधीच (एलकेएसईसी निम्बाहेड़ा) तथा छात्रा वर्ग में रुद्राक्षी (एलकेएसईसी निम्बाहेड़ा) ने प्राप्त किया। क्वाड स्पर्धा में छात्र वर्ग में साकेत गर्ग (किड्स हेवन बिनोता) तथा छात्रा वर्ग में हितिषा सुथार (एसवीएम स्कूल निम्बाहेड़ा) प्रथम रहे।

जिम्नास्टिक रिदमिक में प्रथम स्थान राउमावि कानडखेड़ा ने प्राप्त किया। छात्र वर्ग में प्रथम स्थान राउप्रावि सरलाई तथा छात्रा वर्ग में राउमावि नाडाखेड़ा रहा।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक रमेशचन्द्र खटीक, प्रभारी हरिकिशन खटीक, रतन गाडरी, मुकेश सोमानी, मंजू सुखवाल और प्रह्लादराय वैष्णव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अर्जुन लाल खटीक ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन में विद्यालय स्टाफ एवं समस्त ग्रामवासी, ग्राम पंचायत कानडखेड़ा का भी विशेष योगदान रहा। मंच संचालन बाबूलाल शर्मा ने किया।

Tags: