बड़ीसादड़ी: जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में नपावली बनी चैंपियन
70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्र वर्ग प्रतियोगिता के फाइनल में भालुंडी उपविजेता रही, 65 टीमों के 780 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा।
बड़ीसादड़ी में कबड्डी प्रतियोगिता के समापन पर ट्रॉफी और पुरस्कार प्राप्त करते विजेता खिलाड़ी।
बड़ीसादड़ी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पींड में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्र वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में नपावली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि भालुंडी की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में जिले की 65 टीमों के 780 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व डेयरी अध्यक्ष बद्रीलाल जाट जगपुरा ने कहा कि हौसले बुलंद हों तो आंधी-तूफान से नहीं डरते। खिलाड़ी के जीवन में संघर्ष ही सफलता की सीढ़ी है। जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास बनाए रखते हुए निरंतर मेहनत करने वाला खिलाड़ी ही आगे बढ़ता है।
जाट ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग विकसित करते हैं। खिलाड़ियों को हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर अगली जीत की तैयारी करनी चाहिए। मैदान में अंतिम क्षण तक संघर्ष और खेल भावना बनाए रखना ही खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने शिक्षा को व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी बनाने पर भी बल दिया। मुख्य अतिथि बद्रीलाल जाट ने प्रतियोगिता के आयोजन में 21 हजार रुपए का नकद सहयोग भी प्रदान किया।
फाइनल मुकाबले में नपावली की टीम विजेता और भालुंडी की टीम उपविजेता रही। सर्वश्रेष्ठ रेडर जीवन खीर तथा सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर जुनैद खान पठान को घोषित किया गया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पारितोषिक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान मुकाबले रोमांचक रहे। खिलाड़ियों ने तेज रेड, मजबूत डिफेंस और शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मैदान में रोमांच बना रहा और दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
समारोह की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष ममता बाबेल ने की। समापन समारोह में बड़ीसादड़ी उपाध्यक्ष रणजीत सिंह झाला, मनोज बाबेल, विनोद रांका, बड़ीसादड़ी ब्लॉक अध्यक्ष लाल सिंह जाट, पार्षद मुकेश सेन, अश्विन महात्मा, सोनू शर्मा, विनोद गर्ग, विजय सिंह भाटी, भंवर लाल रेगर, चित्तौड़गढ़ कांग्रेस कमेटी के महासचिव जगदीश चंद्र सुथार तथा खेलप्रेमी एवं भामाशाह कालूराम जाट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पारितोषिक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह का संचालन शारीरिक शिक्षक चंद्रकांत शर्मा एवं भेरूलाल सालवी ने किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों एवं निर्णायकों के भोजन और आवास की व्यवस्था में ग्रामीणों एवं भामाशाहों ने सहयोग किया। आयोजन समिति ने सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक तेजपाल जणवा, संयोजक रजनीश पालीवाल, प्रधानाचार्य पंकज डांगी, विद्यालय स्टाफ, आयोजन समिति सदस्य, शारीरिक शिक्षक, खिलाड़ी, टीम प्रभारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतियोगिता के समापन के साथ नपावली ने खिताब अपने नाम किया, जबकि भालुंडी उपविजेता रही।