तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में आयोजित समारोह के दौरान मंच पर खड़े नेता और कार्यकर्ता हाथ हिलाकर अभिनंदन करते हुए।

चित्तौड़गढ़। नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी एवं उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने विधिवत पदभार ग्रहण कर नगर परिषद के नए बोर्ड की कमान संभाल ली। पदभार ग्रहण के बाद सेतु मार्ग स्थित भरत बाग में समारोह आयोजित हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, भाजपा पदाधिकारियों, नवनिर्वाचित पार्षदों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों का स्वागत-अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने कहा कि अनिल ईनाणी के साथ संगठन में लंबे समय तक कार्य करने का अवसर मिला है। वे अच्छे व्यक्ति होने के साथ संगठनात्मक शैली से कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की नई टीम शहर को स्वच्छ बनाने के साथ आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दे।

दक ने कहा कि निर्माण स्वीकृति, सफाई, पार्कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट सहित आमजन से जुड़े छोटे-छोटे कार्यों की लगातार समीक्षा होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप चित्तौड़गढ़ को भी विकसित शहर बनाने के लिए टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास कार्य हो रहे हैं तथा अब नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने से चित्तौड़गढ़ के विकास को नई गति मिलेगी।

सांसद सी.पी. जोशी ने नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति एवं पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर परिषद को विशेष प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वच्छता को लेकर व्यापक जनजागरूकता आई है तथा स्वच्छता, सीवरेज, ड्रेनेज, पेयजल और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में योजनाबद्ध काम हुआ है।

जोशी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्वच्छता को लेकर एक ठोस ग्राउंड प्लान तैयार कर कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ की जनता ने भाजपा को नगर परिषद में सेवा का अवसर दिया है। अब विकास के कार्यों को गति देते हुए आमजन को केंद्र में रखकर योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

जोशी ने अपने संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए भारत सरकार के प्रतिनिधिमंडल में टीम लीडर के रूप में न्यूयॉर्क जाने का उल्लेख करते हुए इसके लिए चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र की जनता का आभार जताया।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने में कार्यकर्ताओं और जनता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से ही आज भाजपा को नगर परिषद की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों से आह्वान किया कि वे मिलकर शहर के विकास के लिए कार्य करें और ऐसा काम करें कि नगर परिषद का यह कार्यकाल अपनी पहचान बनाए।

उन्होंने कहा कि शहर की जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है, उस विश्वास को विकास कार्यों के माध्यम से मजबूत करना होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में भाजपा को जनता का विश्वास मिला है। उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं से शहर में तेजी से विकास कार्य प्रारंभ करने का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित सभापति ईनाणी ने कहा कि नगर परिषद का बोर्ड सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन के सहयोग से शहर के विकास के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि वे समय-समय पर नागरिकों से सुझाव लेकर उनके आधार पर चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ, सुंदर और ऐतिहासिक नगरी के रूप में विकसित करने का प्रयास करेंगे।

ईनाणी ने कहा कि भाजपा के इस बोर्ड के गठन में सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, संगठन के पदाधिकारियों, चुनाव संचालन समिति, कार्यकर्ताओं एवं जनता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा बोर्ड संगठन के निर्देशों एवं जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करेगा।

समारोह का संचालन जिला महामंत्री रघु शर्मा ने किया। उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी ने दिया। विधायक श्रीचंद कृपलानी, अर्जुनलाल जीनगर, सह प्रभारी नरेन्द्र जैन सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

समारोह में संत-महात्माओं की उपस्थिति रही तथा नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर हर्षवर्धन सिंह रूद, श्रवण सिंह राव, बद्रीलाल जाट, ललित ओस्तवाल, डॉ आई.एम. सेठिया, कमलेश पुरोहित, सागर सोनी, गजेन्द्र सिंह राठौड, सुधीर जैन, सी.पी. नामधराणी, गोवर्धन जाट, नंदकिशोर लोहार, मिठ्ठूलाल जाट, सुशील शर्मा, अनंत समदानी, प्रदीप काबरा, निम्बाहेड़ा चेयरमैन शिल्पा भूतड़ा, सरोज बारेगामा, उपाध्यक्ष नीतू ईनाणी, मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी, लाला गुजर, हीरालाल रायका, अनिल सुखवाल, अशोक जाट, कपिल चौधरी, भेरूसिंह चौहान, गोविंद काबरा, नीरू अहीर, नरेन्द्र पोखरना, करनल सिंह राठौड़, रोहिताश जाट, शैलेन्द्र झंवर, भोलाराम प्रजापत सहित भाजपा पदाधिकारी, नवनिर्वाचित पार्षद एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नए बोर्ड के पदभार ग्रहण के साथ चित्तौड़गढ़ में नगर परिषद के आगामी कार्यकाल के लिए स्वच्छता, विकास और आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प सामने आया।

Tags: