चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता।

चित्तौड़गढ़। प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी क्षेत्र में अवैध खनन रोकने की कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चुण्डावत की बजरी खनन माफियाओं द्वारा डंपर की टक्कर मारने से हुई मृत्यु के मामले ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई और अधिकारियों की सुरक्षा का मुद्दा फिर सामने ला दिया है। शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर दिवंगत प्रताप सिंह चुण्डावत को शहीद का दर्जा देने और अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की।

पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने ज्ञापन में प्रताप सिंह चुण्डावत को शहीद का दर्जा देने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने, अवैध खनन के पूरे नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा चित्तौड़गढ़ सहित पूरे जिले में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने कहा कि पूर्व में भी अजयराज सिंह झाला, कपासन में सूरज माली पर जानलेवा हमला प्रकरण और प्रतापगढ़ में प्रताप सिंह चुण्डावत मामला तीनों बजरी माफियाओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और सभी मामले स्थानीय जनप्रतिनिधियों की साठगांठ से जुड़े हुए हैं, जिस पर संज्ञान लेना अति आवश्यक है।

जाड़ावत ने कहा कि पंचायतराज चुनाव आने वाले हैं। ऐसे में बजरी माफियाओं पर अंकुश लगाना जरूरी है, ताकि चुनाव के समय कोई गंभीर हादसा नहीं हो जाए। ज्ञापन में अवैध खनन रोकने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शोकाकुल परिवार को नियमानुसार विशेष आर्थिक सहायता देने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन में कहा गया कि मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लेते हुए राजस्थान सरकार से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। ऐसे में अवैध खनन के नेटवर्क पर कार्रवाई, दोषियों के खिलाफ कानूनी कदम और अवैध खनन रोकने में जुटे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, अनिल सोनी, विक्रम जाट, नगेंद्र सिंह राठौड़, महेश काकानी, मोहन सिंह भाटी, बालमुकुंद मालीवाल, रविराज सिंह जाड़ावत, दिनेश सोनी, आजाद पालीवाल, राजदीप सिंह राणावत, धर्मेंद्र मूंदड़ा, गोविंद शर्मा, प्रमोद सिंह तंवर, राजेश सोनी, पार्षद टिंकू धामानी, कन्हैयालाल माली, शंभुलाल प्रजापत, मो. इब्राहिम, मो. इरशाद, रेणु कंवर राठौड़, गायत्री चौधरी, मीनाक्षी जैन, मोंटीवीर सिंह चड्ढा, कमल गुर्जर, राकेश घारू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags: