आकोला के बिजासन माता मंदिर में वार्षिक उत्सव के दौरान महंत अनुजदासजी के साथ ट्रस्ट पदाधिकारी खड़े दिख रहे हैं।

आकोला। कानड़ खेड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत पहाड़ी के शिखर पर स्थित बिजासन माता मंदिर में आयोजित दो दिवसीय पांचवां वार्षिक उत्सव विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। श्री बधर माता आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस महोत्सव के समापन समारोह में मुंगाना के महंत अनुजदासजी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रत्येक परिवार में कुलदेवी की पूजा को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि कुलदेवी परिवार की प्रथम आराध्य होती हैं और प्रत्येक परिवार को उनकी नियमित आराधना करनी चाहिए।

ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए महंत अनुजदासजी मुंगाना वालों को आमंत्रित किया गया था। महंतजी ने सर्वप्रथम पहाड़ी पर स्थित बधर माताजी के दर्शन किए। इसके बाद अपने प्रवचन में उन्होंने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भक्तों में तिलक लगाने, शिखा रखने और प्रतिदिन मंदिर पहुंचने के प्रति उदासीनता उचित नहीं है।

महंतजी ने गोपाष्टमी के पर्व पर कुलदेवी के दर्शन के लिए देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता हुई कि सभी लोग अपनी कुलदेवी के दर्शन के लिए यहां पहुंचे हैं और अष्टमी का हवन, गौ पूजन तथा माताजी की प्रसादी जैसे धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर सनातनी परंपराओं का पालन कर रहे हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को इसके लिए साधुवाद दिया।

इस दौरान महंत अनुजदासजी ने माताजी मंदिर तक पहुंचने वाली 105 सीढ़ियों के जीर्णोद्धार के लिए पहली सीढ़ी के निर्माण में अपना सहयोग देने की घोषणा की। साथ ही शेष सीढ़ियों के जीर्णोद्धार के लिए श्रद्धालुओं से सहयोग का आह्वान किया। महंतजी के आग्रह पर भक्तों ने उनके आदेश को स्वीकार करते हुए सभी सीढ़ियों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए अपने-अपने सहयोग की घोषणा की।

महोत्सव के दौरान दोपहर में श्रद्धालुओं के लिए माताजी की महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 700 भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की।

दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट अध्यक्ष शाम सुंदर सोमानी (संभाजी नगर), महामंत्री मन मोहन बागड़ी (मुंबई), उपाध्यक्ष गोविंद लाल गदिया (चित्तौड़), सह सचिव गोविंद सोमानी (हैदराबाद), प्रचार मंत्री पूरण मर्दा (मालेगांव), सह कोषाध्यक्ष सम्राट सोमानी (बारामती), भवन निर्माण प्रमुख देवेंद्र सोमानी (कपासन), परामर्शदाता भगवती लाल हिंगड़ (आकोला) और व्यवस्थापक ओमप्रकाश सोमानी ने पिछले कई दिनों से परिश्रम किया।

Tags: