पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी चित्तौड़गढ़ सड़क पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यात्री बस की जांच कर रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ में यात्री बसों की सुरक्षा और वैधानिक मानकों के उल्लंघन पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सिटी और मिनी बसों की जांच की गई, जिसमें नियमों के अनुरूप संचालित नहीं होने वाली बसों को सीज किया गया। वहीं, पांच बसों के कुल 25 हजार रुपये के चालान काटे गए।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों के समन्वय से यात्री बसों पर लागू वैधानिक सुरक्षा आवश्यकताओं का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पहले रालसा फॉर रोड सेफ्टी नामक राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया था।

इन्हीं प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए 16 नवम्बर से 15 जनवरी तक दो महीने की अवधि के लिए रालसा फॉर रोड सेफ्टी कैंपेन 2.0 शुरू करने का निर्णय लिया गया। इस अभियान का उद्देश्य यात्री बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों और वैधानिक आवश्यकताओं के अनुपालन को मजबूत करना है।

अभियान के तहत प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक की अध्यक्षता में डीटीओ दयाशंकर गुप्ता, हरिगोविंद गुर्जर, विक्रम सालवी, हिम्मत सिंह, कानि रजनीश तथा प्राधिकरण के कार्मिक नवीन शर्मा और जसवंत टेपण की टीम ने बसों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर सिटी और मिनी बसों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान बसों की लंबाई, स्लीपर की लंबाई, अग्निशमन यंत्र, हैमर, आपातकालीन निकास, सीट क्षमता और वाहनों की फिटनेस की जांच की गई। इसके साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।

जांच में निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं होने वाली बसों को सीज किया गया। वहीं, निरीक्षण के दौरान पांच बसों के कुल 25 हजार रुपये के चालान काटे गए। रालसा फॉर रोड सेफ्टी कैंपेन 2.0 के तहत की गई यह कार्रवाई यात्री बसों में वैधानिक सुरक्षा प्रावधानों के अनुपालन की जांच और नियमों के उल्लंघन पर प्रवर्तन की दिशा में की गई है।

Tags: