बधर माता धाम आकोला में वार्षिक उत्सव के दौरान नवचंडी यज्ञ का संकल्प लेते श्रद्धालु और पंडित दिखाई दे रहे हैं।

आकोला। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कानड़ खेड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र की पहाड़ी पर स्थित बधर माता धाम में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां बधर माता जी का दो दिवसीय पंचम वार्षिक उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से कुलपुत्र अपने परिवारों के साथ शामिल होने पहुंचे। सोमानी, गदिया, छापर वाल सहित 14 माहेश्वरी खापों की कुलदेवी बधर माताजी के इस उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

श्री बधर माता आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सेवा ट्रस्ट, ताना के अध्यक्ष शाम सुंदर सोमानी और सचिव मन मोहन बागड़ी ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ट्रस्ट की ओर से पिछले पांच वर्षों से गोपाष्टमी पर इस वार्षिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ नवचंडी यज्ञ के संकल्प के साथ हुआ। पूठवाडिया धाम से आए पंडितों ने ट्रस्ट अध्यक्ष शामसुंदर सोमानी को नवचंडी यज्ञ का संकल्प दिलाया। नवचंडी पाठ के बाद हवन का आयोजन किया गया। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने गौ पूजा भी की।

दोपहर चार बजे बधर माता ट्रस्ट की वार्षिक बैठक आयोजित हुई। ट्रस्ट अध्यक्ष शमसुन्दर सोमानी की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन सचिव मनमोहन बागड़ी ने किया। बैठक में निर्धारित एजेंडे के अनुसार सभी निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए।

सायंकाल किशनगढ़ से आए भजन गायक शिवशंकर सोमानी और उनके साथ पहुंचे 25 परिवारों के सदस्यों ने मायड़ राजस्थानी बोली में सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। वहीं, कपासन के युवा भजन गायक राहुल ने भी भजनों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्वागत के दौरान विधायक ने समाज की ओर से आयोजित भव्य कार्यक्रम की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भक्तों की सुविधा के लिए ट्रस्ट को किसी भी प्रकार की शासकीय सहायता की आवश्यकता होने पर वे सदैव तत्पर हैं।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से भीम सिंह झाला, कानड़ खेड़ा सरपंच शंभूलाल गाड़री सहित अन्य लोगों का सम्मान किया गया। दो दिवसीय वार्षिक उत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, गौ पूजा, ट्रस्ट की वार्षिक बैठक और भजन संध्या के माध्यम से बधर माता धाम में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।

Tags: