डबेला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में भामाशाह दंपती का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत करते शिक्षक नजर आ रहे हैं।

बड़ीसादड़ी। सर्दी के मौसम में जरूरतमंद विद्यार्थियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बड़ीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती राजकीय प्राथमिक विद्यालय डबेला में गुरुवार को ऊनी वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बांसी निवासी समाजसेवी एवं भामाशाह सत्यनारायण गदिया ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विद्यालय के कक्षा 1 से 5 तक के सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क ऊनी वस्त्र वितरित किए।

इस अवसर पर भामाशाह सत्यनारायण गदिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्दी का मौसम मानवता की गर्माहट का अनूठा उदाहरण है। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से यह सहयोग किया।



विद्यालय के प्रधानाध्यापक शम्भू दास वैष्णव ने बताया कि विद्यालय परिवार की ओर से भामाशाह सत्यनारायण गदिया का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। उन्होंने भामाशाह और उनकी धर्मपत्नी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सहयोग ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। कमजोर परिवारों के बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराना उनका सामाजिक दायित्व निभाने का सराहनीय प्रयास है।

विद्यार्थियों को ऊनी वस्त्र मिलते ही उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी। सभी विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर भामाशाह का स्वागत किया। कार्यक्रम में अध्यापिका ऋतु डांगी, डिंपल गर्ग तथा अध्यापक गौतम गिरी गोस्वामी और पंकज सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी प्रधानाध्यापक शम्भू दास वैष्णव ने दी।

Tags: