चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित प्राचीन बायण माताजी एवं अन्नपूर्णा माताजी मंदिर में आँवला नवमी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर माताजी का विशेष श्रृंगार कर उन्हें आँवले की मालाएं धारण करवाई गईं। दीपावली के बाद से ही मंदिर में प्रवासी भक्तों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।

आँवले की मालाओं से माताजी का श्रृंगार विशेष रूप से सुशोभित हुआ। वहीं, आगामी एकादशी के अवसर पर कमलगट्टे की मालाओं से माताजी का श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर के पुजारी मुकेश पालीवाल ने बताया कि इस अवसर पर माताजी को ग्यारह मालाएं अर्पित की जाएंगी।

इस दौरान देवस्थान एवं पशुपालन विभाग मंत्री जोरा राम कुमावत और जगदीश चौधरी भी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर माताजी के दर्शन किए। पंडित रोहित शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाया। पारंपरिक विधि के अनुसार नारियल ध्वन कर माता अन्नपूर्णा एवं भैरव का आशीर्वाद लिया गया।

आँवला नवमी पर आयोजित विशेष श्रृंगार और पूजा-अर्चना के साथ दुर्ग स्थित प्राचीन बायण माताजी एवं अन्नपूर्णा माताजी मंदिर में धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की उपस्थिति का विशेष दृश्य देखने को मिला।

Tags: