चित्तौड़गढ़ में कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी की जयंती पर किया नमन, देशहित में किए ऐतिहासिक कार्यों को किया याद
| जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने 1969 के बैंक राष्ट्रीयकरण, 1971 के घटनाक्रम व प्रिवीपर्स समाप्ति का उल्लेख कर उनके कार्यों को याद किया।
चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में इंदिरा गांधी की तस्वीर के पास खड़े और बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता दिख रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री और आयरन लेडी स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया की अध्यक्षता में कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में उनके जीवन, देशभक्ति और राष्ट्रहित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को याद किया गया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देशहित में ऐसे अविस्मरणीय कार्य किए, जिनके लिए देशवासी उन्हें सदैव याद करते रहेंगे। उनका पूरा जीवन देश को समर्पित रहा। उनकी देशभक्ति का जुनून इस कदर था कि मात्र 13 वर्ष की आयु में ही उन्होंने वानर सेना का गठन कर स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेना शुरू कर दिया था। इतना ही नहीं, विवाह के कुछ माह बाद ही उन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए 9 माह का कारावास भी भोगा।
प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद इंदिरा गांधी ने विरोधी दलों के तमाम विरोध के बावजूद 1969 में बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर उनके द्वार आमजन के लिए खोल दिए। वर्ष 1971 में उनके संबल और प्रेरणादायी नेतृत्व में भारतीय सेना ने 90 हजार से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों से आत्मसमर्पण करवाया। इस घटनाक्रम ने भारत-पाकिस्तान का इतिहास ही नहीं, भूगोल भी बदल दिया और एक नए देश का निर्माण हुआ।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में ही इंदिरा गांधी ने राजाओं के प्रिवीपर्स और प्रिविलेज समाप्त कर रियासतों के एकीकरण एवं विलीनीकरण की प्रक्रिया को पूर्णाहुति प्रदान की। गरीबी हटाओ के नारे के तहत कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए भी उन्होंने कई ऐतिहासिक कार्य किए, जिन्हें देश कभी नहीं भुला सकता।
कार्यक्रम में सेवादल के राष्ट्रीय सचिव पीयूष त्रिवेदी, अजय लोट, धर्मेंद्र मूंदड़ा, शिल्पन शाहू, दिनेश गुर्जर, अहसान पठान, नासिर खान, प्रभु रेगर, इम्तियाज हुसैन लौहार, विनोद लढ्ढा, अनिल सोनी, चक्षु शर्मा, रमेश लढ्ढा, मोहन भोई, मधु गोस्वामी, कुसुम मीणा, सद्दाम खान, युवराज सिंह चौहान, राजा शेख, राजकुमार वैष्णव, अनीश खान, मनीष सुथार, नीरज प्रजापत, राहुल गवारिया, किशन गुजर, परवेज खान, फारूक नीलगर, सुरेश जटिया, शाहिद खान, रफीक खान, इकबाल खान, मोहसिन खान, जमील अहमद, मोहम्मद इकबाल, कालू लाल शर्मा, सुनील आचार्य, मोहम्मद सलीम, इमरान छिपा, शौकीन पूर्बिया और जितेंद्र मीणा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।