मुख्य आरोपी की निशानदेही पर भूपालसागर पुलिस ने चित्तौड़गढ़ से 8 लाख के जेवर बरामद किए। 

भूपालसागर। चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाना पुलिस ने जाशमा कस्बे में सूने मकान से हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस खरीदार तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, महानिरीक्षक पुलिस रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा तथा वृत्ताधिकारी कपासन हरीश भारती के मार्गदर्शन में थानाधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच कर चोरी के आभूषण खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया।

सूने मकान से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी


मामला 1 अक्टूबर 2026 का है। जाशमा कस्बे में एक परिवार दोपहर करीब 3:30 बजे अपने घर से नोहरे गया था। वहां गाय ने बछड़े को जन्म दिया था। परिवार शाम करीब 6:30 बजे घर लौटा, लेकिन रात करीब 8 बजे जब घर पहुंचा तो कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी खुली मिली। जांच करने पर अलमारी से सोने के रामनामी, मांदलिया, कान के टॉप्स, नथ, करीब 5 तोला सोने के मोती, एक किलो चांदी का कंदौरा, आंवलिया नग, चांदी की अंगूठियां, बिछियां और करीब एक लाख रुपये नकद सहित अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद चोरी की घटना का पता चला।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से संदिग्धों की पहचान

घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रणजीत सिंह ने पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान उपकारागृह कपासन में बंद प्रकरण संख्या 104/2026 में वांछित अभियुक्त छगनलाल पुत्र उदयराम तेली (27), निवासी कांकरवा, थाना भूपालसागर को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में छगनलाल ने जाशमा के सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी के जेवरात खरीदने वाले व्यक्ति के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी।

चित्तौड़गढ़ निवासी अजय सोनी गिरफ्तार

छगनलाल से मिली जानकारी और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने के आरोपी अजय पुत्र कल्याणमल सोनी (31), निवासी मकान नंबर 97, कैलाश नगर, चित्तौड़गढ़, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसके कब्जे से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक तेजमल, कांस्टेबल 422 अनिल, कांस्टेबल 729 राजमल, कांस्टेबल 456 बद्रीलाल, कांस्टेबल 241 रोशनलाल एवं कांस्टेबल 470 रघुवीर शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से जाशमा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ और चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में सुनार की गिरफ्तारी के साथ करीब 8 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।

Tags: