भूपालसागर की 20 ग्राम पंचायतों में सरपंच आरक्षण तय, लॉटरी के बाद चुनावी हलचल तेज
भूपालसागर पंचायत समिति की 20 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों का आरक्षण लॉटरी प्रक्रिया के बाद तय हो गया है। सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और महिला वर्ग के आरक्षण के बाद गांवों में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं।
तस्वीर में भूपालसागर उपखंड कार्यालय के सभागार में अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में लॉटरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
भूपालसागर, चित्तौड़गढ़। पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर भूपालसागर पंचायत समिति की 20 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के आरक्षण की स्थिति लॉटरी प्रक्रिया के बाद साफ हो गई है। राजस्थान पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के तहत उपखंड अधिकारी कार्यालय भूपालसागर में सरपंच पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई।
लॉटरी प्रक्रिया के बाद विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और महिला वर्ग के लिए सरपंच पद का आरक्षण तय किया गया है। अनोपपुरा, पारी, भूपालसागर, गुन्दली, मुरला और बूल ग्राम पंचायत में सरपंच पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
फलासिया, भूपालनगर, पटोलिया और कानड़खेड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद सामान्य वर्ग के लिए रहेगा। ओबीसी वर्ग में कांकरवा और ताणा ग्राम पंचायत ओबीसी सामान्य के लिए, जबकि उसरोल और निलोद ग्राम पंचायत ओबीसी महिला के लिए आरक्षित की गई हैं।
एसटी वर्ग में कानाखेड़ा ग्राम पंचायत एसटी महिला के लिए, जबकि बबराणा और जोयड़ा ग्राम पंचायत एसटी सामान्य के लिए आरक्षित रहेंगी। एससी वर्ग में जाशमा और चोरवड़ी ग्राम पंचायत एससी सामान्य तथा मालीखेड़ा ग्राम पंचायत एससी महिला के लिए आरक्षित की गई है।
सरपंच पदों के आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब गांवों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब सभी की नजरें पंचायत चुनाव के आगामी कार्यक्रम पर टिकी हैं।