बेगूं नगर पालिका: नवनिर्वाचित अध्यक्ष गरिमा शर्मा ने संभाला कार्यभार
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पदभार ग्रहण कर गरिमा शर्मा ने शहर की सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
तस्वीर में बेगूं नगर पालिका के शहीद भगत सिंह सभागार में जनप्रतिनिधि बैठक करते हुए visible हैं।
बेगूं (प्रातःकाल संवाददाता)। नगर पालिका बेगूं की नवनिर्वाचित अध्यक्ष गरिमा शर्मा एवं उपाध्यक्ष शैलेंद्र आचलियां ने गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह सादगीपूर्ण रहा, लेकिन नगर पालिका परिसर में उत्साह के साथ धार्मिक माहौल भी नजर आया।
पदभार ग्रहण करने से पहले अध्यक्ष गरिमा शर्मा ने नगर पालिका परिसर स्थित गणेश मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा महादेव की सेवा-पूजा की। इसके बाद मुख्य द्वार पर पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। चैंबर में प्रवेश के बाद पंडित ने गरिमा शर्मा को तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा। शुभ मुहूर्त में उन्होंने पदभार ग्रहण संबंधी पत्र पर हस्ताक्षर कर औपचारिक रूप से अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। इसी प्रकार उपाध्यक्ष शैलेंद्र आचलियां ने भी अपना कार्यभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गोपाल जीनगर के नेतृत्व में पालिका के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया। वरिष्ठ लिपिक गोविंद महल एवं पटवारी कमलेश धाकड़ ने नवनिर्वाचित पार्षदों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ राजनेताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने अध्यक्ष गरिमा शर्मा एवं उपाध्यक्ष शैलेंद्र आचलियां को माला, साफा एवं शाल पहनाकर बधाई दी।
पदभार संभालने के बाद अध्यक्ष गरिमा शर्मा ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा, “मेरी सबसे पहली प्राथमिकता शहर की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करना है। हम सर्वप्रथम स्वच्छता का कार्य हाथ में लेंगे। आमजन की मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि नगर में नियमित सफाई, सुचारू बिजली व्यवस्था और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा।
समारोह में विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, नगर पालिका चुनाव संयोजक सतीश खेमका, तेजमल बोहरा, सुनील पगारिया, राकेश गुरुजी, निर्मला डीडवानिया, निर्मल माली, बद्री जाट, लाड़ देवी शर्मा, योगेश डीडवानिया, रेणु सुराणा, रिदम जोशी, कुलदीप डीडवानिया, गोपाल धाकड़, नरेश सुथार, कैलाश प्रजापत, रेखा मेहर, आशुतोष शर्मा सहित नवनिर्वाचित पार्षद, पालिका कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अध्यक्ष गरिमा शर्मा एवं उपाध्यक्ष शैलेंद्र आचलियां के परिजन भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।