तस्वीर में 70वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता जीतकर ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते खिलाड़ी।

बस्सी की छात्रा हॉकी खिलाड़ियों ने 70वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर वर्ग में टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साडास में आयोजित प्रतियोगिता में चारों वर्गों की 38 टीमों के लगभग 700 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

विद्यालय के प्राध्यापक शारीरिक शिक्षा राजेश ओझा ने बताया कि बस्सी की छात्रा खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग में प्रथम और सीनियर वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर बस्सी का नाम जिले में रोशन किया।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कुल 11 खिलाड़ियों का चयन छात्र और छात्रा वर्ग में हुआ है। ये खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय के संस्था प्रधान सतीश सहारन ने टीम की जीत का श्रेय टीम कोच और खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम को देते हुए खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता में जीत हासिल कर बस्सी लौटने पर ग्रामवासियों, खेल प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों ने खिलाड़ियों का स्वागत-अभिनंदन किया। दल के साथ प्रभारी दिनेश पुरोहित, प्रतिमा पगारिया, सना मंसूरी, सरोज जाट, पदम चंद और मनोज गर्ग का विशेष योगदान रहा।

Tags: