चित्तौड़गढ़: महिला को ब्लैकमेल करने वाला व्यक्ति डिटेन, पुलिस ने डिलीट कराए फोटो-वीडियो
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और महिला थाना पुलिस ने सादे कपड़ों में निगरानी रखकर नाथद्वारा निवासी आरोपी को पकड़ा।
तस्वीर में महिला पुलिसकर्मी पीड़ित महिला और अधिकारी के साथ टेबल के पास बैठी हैं।
चित्तौड़गढ़ में फोटो और वीडियो के नाम पर एक महिला को परेशान करने तथा ब्लैकमेल करने के मामले में जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को डिटेन किया है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सादे वस्त्रों में निगरानी के बाद यह कार्रवाई की। पुलिस ने संबंधित फोटो एवं वीडियो डिलीट करवाए और भविष्य में महिला को किसी प्रकार से परेशान अथवा ब्लैकमेल नहीं करने के लिए उसे पाबंद किया।
महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें परेशान करने, पीछा करने तथा फोटो-वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने जैसी गतिविधियों के विरुद्ध जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को डिटेन किया गया।
महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल ने बताया कि 14 सितम्बर 2026 को एक महिला ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पूर्व में नाथद्वारा निवासी भरत पालीवाल से फ्रेंडशिप थी, लेकिन अब उक्त व्यक्ति उसके फोटो एवं वीडियो को लेकर उसे आए दिन परेशान कर रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था। शिकायतकर्ता ने अपने संबंधित थाने से कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही थी। इस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शिकायत प्राप्त कर महिला थाना पुलिस ने मामले की जांच प्रारम्भ की।
जांच के दौरान 25 सितम्बर 2026 को सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति शिकायतकर्ता का पीछा कर रहा है तथा उसे बार-बार परेशान कर रहा है। शिकायतकर्ता की सुरक्षा और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए महिला थानाधिकारी रेणु खोईवाल के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने सादे वस्त्रों में निगरानी शुरू की।
निगरानी के दौरान जैसे ही उक्त व्यक्ति शिकायतकर्ता को परेशान करने के उद्देश्य से उसके आसपास दिखाई दिया, पहले से सादे वस्त्रों में तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों और महिला थाना पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे डिटेन कर लिया। पुलिस ने संबंधित फोटो एवं वीडियो डिलीट करवाए तथा भविष्य में किसी भी प्रकार से परेशान अथवा ब्लैकमेल नहीं करने के लिए आरोपी को आवश्यक रूप से पाबंद किया।
महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में तैनात महिला पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल रीना राजावत, आकांक्षा, गायत्री एवं लीला शामिल रहीं।
जिला पुलिस ने महिलाओं एवं युवतियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य महिला संबंधी समस्या होने पर महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत एवं सहायता के लिए संपर्क करें।