तस्वीर में भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के देवड़ों का खेड़ा में ग्रामीण बद्रीलाल जाट का स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

काकंरवा, 20 अगस्त। भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के देवड़ों का खेड़ा में किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे बद्रीलाल जाट का आसपास के सैकड़ों किसानों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान जाट ने किसानों से अपने परिवार के भोजन के लिए कम से कम आधा या एक बीघा भूमि में बिना यूरिया और रासायनिक खाद के जैविक खेती करने का आह्वान किया।

जाट ने कहा, “आपके सामने झोली फैलाकर आपके जीवन की भीख मांग रहा हूं, आधा, एक बीघा जैविक खेती करके अपना अमूल्य जीवन बचाओ।” उन्होंने किसानों के हक और स्वाभिमान के लिए सदैव समर्पित रहने की बात कही।



स्वागत समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता लीलाधर जोशी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष कर्नल सिंह, निवर्तमान नगरपालिका उपाध्यक्ष भेरू लाल भानिया खैड़ी, काना खेड़ा पूर्व सरपंच वरदीचन्द माली, भेरू लाल जाट, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष पन्ना लाल भील, अनोपपुरा सहकारी समिति उपाध्यक्ष राजेन्द्र जाट, बद्री लाल लौहार, रामेश्वर लौहार, सोहन सेन, मदन जाट, कालु भील, मोहन भील, बालुराम बैरवा, कमलेश बैरवा, प्रभु सिंह रावत, मोती दास वैष्णव, मदन बंजारा, जगदीश बंजारा, भेरू बंजारा, कैलाश गाडरी, राजमल गाडरी, कानाखेड़ा उपसरपंच भैरू लाल गुर्जर, अम्बा लाल गुर्जर, गोपाल माली, बाबु लाल माली, लालुराम ओड सहित सैकड़ों किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

सर्वप्रथम जाट ने गांव में स्थित चारभुजानाथ के दर्शन किए। इसके बाद किसानों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भाग लिया। समारोह को संबोधित करते हुए जाट ने कहा कि जब-जब लोगों ने उन्हें आशीर्वाद और अवसर दिया, उन्होंने उस जिम्मेदारी को मन से स्वीकार करते हुए किसानों के लिए ढाल बनकर काम करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सुख-दुख में सदैव किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। एक किसान के बेटे के रूप में न झुकना सीखा, न रुकना सीखा और न बिकना सीखा। उनका एक ही लक्ष्य रहा है कि 36 कौम और किसानों की भलाई कैसे हो, उनका कायाकल्प कैसे हो और उनकी आमदनी कैसे बढ़े।

डेयरी एवं भूमि विकास बैंक के कार्यों और सरस लाडली योजना का उल्लेख करते हुए जाट ने कहा कि डेयरी चेयरमैन रहते हुए उन्होंने किसानों के हित में आमूलचूल परिवर्तन किए और चित्तौड़गढ़ में जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कीं। भूमि विकास बैंक की जिम्मेदारी मिलने पर पूरे देश में बैंक को अग्रणी स्थान पर लाकर किसानों को लाभांश वितरण सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि किसान का पैसा किसान के घर वापस पहुंचाने का काम किया।

जैविक खेती और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए किसान मोर्चा महामंत्री जाट ने कैंसर जैसी महामारी से बचाव के लिए अत्यधिक यूरिया और डीएपी के इस्तेमाल से होने वाली बीमारियों के प्रति किसानों को सचेत किया। उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया।

जाट ने कहा कि किसान अपने परिवार के खाने के लिए गेहूं, मक्का आदि की फसल कम से कम आधा या एक बीघा भूमि में बिना यूरिया और रासायनिक खाद के जैविक तरीके से उगाएं। उन्होंने कहा कि यदि इससे किसानों को कोई नुकसान होता है तो वे उस नुकसान की भरपाई का भरोसा देते हैं। जैविक खेती में उत्पादन थोड़ा कम होने पर, यानी एक या दो बोरी का अंतर आने पर भी उसकी भरपाई का संकल्प लेते हुए किसानों को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

युवा रोजगार एवं एफपीओ के गठन को लेकर जाट ने कहा कि किसान उत्पादक संगठन बनाकर मशीनरी, फैक्ट्री और व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिले और उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके। उन्होंने किसानों के बच्चों और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने और युवाओं को संबल देने की बात कही।

बिजली एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर भी जाट ने किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति तथा खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन से निरंतर प्रयासरत रहने की बात कही।

जाट ने कहा, “आपने जो पगड़ी (साफा) पहनाकर मान-सम्मान दिया है, उस पर कभी आंच नहीं आने दूंगा। किसानों के हक और स्वाभिमान के लिए सदैव समर्पित रहूंगा।”

समारोह के पश्चात जाट ने छगन लाल जाट की दोहिती पल्लवी के जन्मदिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने पल्लवी के हाथ से केक कटवाकर उसे खिलाया। इसके बाद मुकेश और राधेश्याम जाट द्वारा भाणजी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भोज में शामिल होकर किसानों को अपने हाथ से परोशकारी भी की।

भूपालसागर के देवड़ों का खेड़ा में किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहली बार बद्रीलाल जाट के पहुंचने पर किसानों और ग्रामीणों द्वारा किए गए स्वागत के साथ कार्यक्रम में जैविक खेती, किसान हित, बिजली, एफपीओ, रोजगार और किसानों की उपज के उचित मूल्य जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।

20 फोटो 01, 02: भूपालसागर के देवड़ों का खेड़ा में पहली बार किसान मोर्चा महामंत्री के आने पर गर्मजोशी से स्वागत करते किसान एवं ग्रामीण।

20 फोटो 03: भूपालसागर के देवड़ों का खेड़ा में एक नन्ही बालिका के जन्मोत्सव पर केक कटवाते जाट।

Tags: