शारीरिक शिक्षक संघ और पत्रकारों का सम्मान, विधायक जीनगर के 25 लाख की घोषणा पर जताया आभार
शनिधाम जाशमा मंगरा में जिला स्तरीय शारीरिक शिक्षक और माध्यमिक संगोष्ठियों के सफल आयोजन पर सम्मान समारोह हुआ। विधायक अर्जुन लाल जीनगर की 25 लाख की खेल भवन स्वीकृति पर आभार जताया गया और मंदिर विकास के लिए 11 हजार रुपए दिए गए।
तस्वीर में शनिधाम जाशमा मंगरा परिसर में शारीरिक शिक्षक संघ के शिक्षकों और पत्रकारों का सम्मान समारोह के दौरान अतिथियों का स्वागत करते हुए मंदिर कमेटी के पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
काकंरवा, 20 अगस्त। क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शनिधाम जाशमा मंगरा परिसर में सत्र 2026-27 की जिला स्तरीय दो दिवसीय शारीरिक शिक्षक संगोष्ठी एवं दो दिवसीय माध्यमिक संगोष्ठी के सफल आयोजन के बाद मुख्य आयोजनकर्ता उत्कृष्ट विद्या मंदिर जाशमा एवं शनिमहाराज मंदिर कमेटी के तत्वावधान में शारीरिक शिक्षक संघ के शिक्षकों एवं पत्रकारों का सम्मान मिलन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष तिलकेश आचार्य ने संगोष्ठी कार्यक्रम के मुख्य आयोजक ओगड़ संत शिरोमणि प्रताप महाराज एवं शनिमहाराज मंदिर कमेटी के कार्यकारिणी पदाधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालकर दोनों संगोष्ठियों को सफल बनाने तथा जिले ही नहीं, बल्कि राजस्थान में नाम करने पर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक संघ द्वारा खेल भवन की मांग किए जाने पर विधायक अर्जुन लाल जीनगर की ओर से खेल भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा कर स्वीकृति दिए जाने पर भी आभार जताया गया। संघ द्वारा शीघ्र ही कार्यक्रम आयोजित कर विधायक जीनगर का स्वागत करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
कोषाध्यक्ष भगवती लाल मेनारिया ने दोनों संगोष्ठियों के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। मंदिर कमेटी अध्यक्ष शान्ति लाल जाट ने अपने उद्बोधन में कहा कि शारीरिक शिक्षक संघ ने जिला प्रारंभिक व माध्यमिक संगोष्ठियों के कार्यक्रम के लिए ओगड़ संत प्रताप महाराज शनिमहाराज मंदिर जाशमा का चयन कर इस स्थान को चित्तौड़गढ़ जिले के कोने-कोने सहित राज्य में नई पहचान दिलाई। इसके लिए उन्होंने शारीरिक शिक्षक संघ का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष तिलकेश आचार्य सहित ब्लॉक कार्यकारिणी पदाधिकारी ब्लॉक अध्यक्ष संतोष भट्ट, सचिव मोहन छीपा, कोषाध्यक्ष भगवती लाल मेनारिया, लक्ष्मण दास, ऊंकार, राजकुमार, महेंद्र, शैलेंद्र सिंह, विनोद, नाना लाल, सुरेश, राजेंद्र, राज मल चौहान, शिव सिंह चुंडावत, प्रकाश, सत्य नारायण, महेंद्र सिंह, चंद्र सिंह तथा पत्रकार राकेश पाराशर, शंकर लाल जाट और धर्मेन्द्र सेन का सम्मान किया गया।
औघड़ संत श्री प्रताप महाराज सेवा संस्थान शनि महाराज मंगरा जाशमा की कार्यकारिणी की ओर से अध्यक्ष शान्ति लाल जाट, अनोप पूरा, उपाध्यक्ष ओंकार लाल गुर्जर, कोषाध्यक्ष लोकेश राजोरा, सदस्य रतन लाल गाडरी, जगदीश चंद्र जाट, संपत लाल जाट, सुरेश चंद्र राव, पुजारी मोती दास वैष्णव और भेरू लाल भारती ने तिलक-टीका कर, उपरणा तथा साफा पहनाकर अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
समारोह के अंत में शारीरिक शिक्षक संघ की ओर से मंदिर कमेटी शनिमहाराज जाशमा के पदाधिकारियों को मंदिर विकास के लिए 11 हजार रुपए प्रदान किए गए। आभार शारीरिक शिक्षक संघ भूपालसागर के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष भट्ट ने व्यक्त किया।