: तस्वीर में आकोला के सांडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जुटे लोग और वक्ता नजर आ रहे हैं।

आकोला में आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की भावनाओं और सुझावों को जानने के अभियान के तहत रविवार को नगर पालिका आकोला क्षेत्र के सांडेश्वर महादेव मंदिर, ताणा में विशाल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन एवं स्नेहभोज आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

चित्तौड़गढ़ जिले की नवनिर्मित नगर पालिका आकोला के आगामी प्रथम ऐतिहासिक निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। सांडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए पहली बार होने वाले नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन में आम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता की भावनाओं को प्रमुखता से मंच पर रखा गया। वक्ताओं ने कहा कि आकोला क्षेत्र में कांग्रेस का जनाधार हमेशा मजबूत रहा है। पार्टी के प्रत्येक निष्ठावान, समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता को उचित मान-सम्मान मिलना चाहिए। कार्यकर्ताओं की भावना और जनता की राय को प्राथमिकता देकर ही आकोला में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

पूर्व प्रधान भगवान लाल हिंगड़ ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान ही ऐतिहासिक जीत दिलाएगा। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में कांग्रेस के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आकोला क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत है और पार्टी के प्रत्येक निष्ठावान एवं समर्पित कार्यकर्ता को उचित मान-सम्मान मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह सिसोदिया, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव दिनेश चाष्टा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष एहसान पठान, अजय लोट, ब्लॉक कांग्रेस बी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम टांक, जिला कांग्रेस सचिव अबरार मेहंदी, नगर कांग्रेस कमेटी कपासन अध्यक्ष पवन शर्मा तथा युवा नेता सागर जाट सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और उनकी भावनाओं, स्थानीय मुद्दों तथा आगामी चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली। सम्मेलन में क्षेत्र के आम कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनता की भावनाओं को प्रमुखता से मंच पर रखा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल सहलोत तथा नगर कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगंतुक अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत-अभिनंदन किया। अतिथियों को मेवाड़ी साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और जोश दिखाई दिया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि आकोला में पहली बार होने जा रहे नगर पालिका चुनाव में प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता के साथ कांग्रेस के चुनाव चिन्ह के पक्ष में मतदान करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं का समर्थन जुटाने के लिए घर-घर संपर्क करेगा। कार्यकर्ताओं ने व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर, प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर और संगठनात्मक अनुशासन के साथ चुनाव लड़ने का संकल्प लिया। साथ ही आकोला नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने की बात कही।

इससे पहले हुई कांग्रेस की बैठक में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का हाथ थामा था। इस सम्मेलन में भी कई भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए और कांग्रेस को जीत दिलाने का संकल्प लिया। इससे सम्मेलन में संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी तैयारियों का माहौल और स्पष्ट दिखाई दिया।

सम्मेलन में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सीधे संवाद, स्थानीय मुद्दों पर चर्चा तथा पहली बार होने वाले नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के संकल्प ने आकोला में कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति को प्रमुखता से सामने रखा।

Tags: