18 देशों के 36 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने देखी चित्तौड़गढ़ की शौर्यगाथा
18 देशों के 36 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग की ऐतिहासिक विरासत, मेवाड़ की शौर्यगाथा और तिरंगा यात्रा को करीब से जाना।
तस्वीर में 18 देशों के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स चित्तौड़गढ़ दुर्ग परिसर में हाथों में तिरंगा थामे नजर आ रहे हैं।
मेवाड़ की वीरता, त्याग और बलिदान की गौरवशाली गाथा सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार की सार्वजनिक कूटनीतिक पहल के तहत भारत भ्रमण पर आए 18 देशों के 36 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स ने विश्वविख्यात चित्तौड़गढ़ दुर्ग का भ्रमण कर इसकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।
प्रतिनिधिमंडल ने कुंभा महल, विजय स्तंभ, जौहर श्रद्धांजलि स्थल और पद्मिनी महल सहित दुर्ग के प्रमुख स्मारकों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें दुर्ग के इतिहास, मेवाड़ की वीर परंपरा, राजपूत शौर्य, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान की गाथाओं की जानकारी दी गई। विशाल दुर्ग की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक स्मारकों ने विदेशी मेहमानों को विशेष रूप से आकर्षित किया। उन्होंने विभिन्न स्थलों की तस्वीरें और वीडियो भी अपने कैमरों में कैद किए।
प्रतिनिधिमंडल ने चित्तौड़गढ़ में चल रही तिरंगा यात्रा और स्वीप गतिविधियों को भी देखा। हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा और लोकतांत्रिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों ने विदेशी मेहमानों को भारत की राष्ट्रभावना और लोकतांत्रिक संस्कृति की झलक दिखाई। विदेशी कंटेंट क्रिएटर्स ने इन गतिविधियों को भी अपने कैमरों में रिकॉर्ड किया।
विभिन्न देशों में बड़ी संख्या में दर्शकों तक पहुंच रखने वाले इन इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से चित्तौड़गढ़ दुर्ग की तस्वीरें, वीडियो और अनुभव अंतरराष्ट्रीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंचेंगे। इससे चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक विरासत, मेवाड़ की शौर्यगाथा और पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक पहचान मिलने तथा विदेशी पर्यटकों के आकर्षण में वृद्धि की उम्मीद है।
36 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 9 से 16 अगस्त तक राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रहा है। 9 अगस्त को नई दिल्ली से उदयपुर पहुंचने के बाद 10 अगस्त को चित्तौड़गढ़ दुर्ग का दौरा किया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल जयपुर के लिए रवाना होगा और 16 अगस्त को जयपुर से अपने-अपने देशों के लिए प्रस्थान करेगा।
दुर्ग भ्रमण के दौरान पर्यटन विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। सहायक निदेशक पर्यटन विवेक जोशी सहित पर्यटन विभाग के कार्मिक, पुलिस जाब्ता, गार्ड एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और प्रतिनिधिमंडल को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे से चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक विरासत और मेवाड़ की शौर्यगाथा को वैश्विक सोशल मीडिया मंचों पर व्यापक पहुंच मिलने का अवसर बना है।