तस्वीर में विधायक श्रीचंद कृपलानी, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू चौधरी और जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निम्बाहेड़ा में दौरे की तैयारियों का जायजा लेते हुए नजर आ रहे हैं।

निम्बाहेड़ा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित 16 अगस्त के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम में जेके चौराहे पर नगर परिषद द्वारा स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा का लोकार्पण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास प्रस्तावित है।

दौरे की तैयारियों के तहत सोमवार को पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के साथ जिला कलेक्टर डॉ. मंजू चौधरी और जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के उद्घाटन स्थल, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान स्थित सभा स्थल तथा हेलीपेड स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक श्रीचंद कृपलानी ने प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक समन्वय पर जोर दिया। कृपलानी ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का निम्बाहेड़ा आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह है।

कृपलानी ने बताया कि 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा का लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके साथ ही भारत माता उद्यान, भारत माता की प्रतिमा एवं वीरांगना पन्नाधाय की प्रतिमा सहित निम्बाहेड़ा में पूर्ण किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, भाजयुमो ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष रवि जाट सहित एसडीएम एवं नगर परिषद प्रशासक विकास पंचोली, आयुक्त दुर्गेश सिंह रावल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सइएन रवि बंसल, सहायक अभियंता निशा पूर्बिया, नगर परिषद सहायक अभियंता दुलीचंद सोलंकी, कनिष्ठ अभियंता सत्यनारायण प्रजापत तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: