तस्वीर में आशा सहयोगिनियां प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रही हैं।

सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन के ऑल इंडिया जेल भरो आंदोलन के तहत सोमवार को स्वास्थ्यकर्मी आशा सहयोगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दीं। आशा सहयोगिनियों ने इंदिरा गांधी स्टेडियम से रैली निकाली, जो कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां मानव श्रृंखला बनाकर आधे घंटे तक नारेबाजी की गई। इसके बाद जेल भरो आंदोलन के तहत आशा सहयोगिनियों ने गिरफ्तारियां दीं।

राधा जोशी व कमलेश पाराशर ने बताया कि आशा वर्कर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे गांव-गांव तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि आशा वर्करों के हितों की रक्षा और उन्हें बेहतर कार्य का वातावरण उपलब्ध कराना सरकारी प्राथमिकताओं में शामिल किया जाए। साथ ही पूर्व घोषित 1500 रुपये की बढ़ोतरी को तुरंत लागू करने, आशा वर्करों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये मासिक करने और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग की गई।

आशा वर्करों ने मातृत्व एवं चिकित्सा अवकाश देने, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने, वेतन को महंगाई भत्ते से जोड़ने और हड़ताल की अवधि में काटे गए मानदेय की बहाली की मांग भी रखी। आयुष्मान भारत के तहत सभी आशा वर्कर और उनके परिजनों के बेहतर उपचार की व्यवस्था करने तथा सेवानिवृत्ति पर आशाओं को 3 लाख रुपये देने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि आशा वर्कर फील्ड में कार्य करती हैं। इस दौरान किसी घटना या दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। अक्टूबर माह से बकाया पीसीटीएस का भुगतान सुनिश्चित करने, ऑनलाइन कार्य करने के लिए नया मोबाइल और डाटा उपलब्ध कराने, ऑनलाइन कार्य का इंसेंटिव देने तथा आशा वर्करों को अस्पताल में बैठने के लिए निर्धारित स्थान तय करने की मांग भी की गई।

प्रदर्शन के दौरान चंदा सुखवाल, चांदनी बैरागी, मधु वैष्णव, प्रीति, रेखा शर्मा, भगवती गुर्जर, गुलबार, राजश्री, नसीम बानो, सीमा शर्मा, दुर्गा पारिक, रानु शर्मा, कमलेश पाराशर, इन्द्रा सेन, संतोष चारण, रेखा सालवी, राधा जोशी, रीना व्यास, मंजु जाट, पारस शर्मा, पारस गाडरी, भावना जोशी, आरके सिंह, आरके स्वामी, हनीफ मोहम्मद मंसूरी, रतनलाल शर्मा, कालूराम सुथार, गोपाल शर्मा और कैलाश कंवर मौजूद रहे।

Tags: