मावली जंक्शन पर बड़ीसादड़ी ट्रेन को पहले रवाना करने की मांग, रेल अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
बड़ीसादड़ी से मावली आने वाली ट्रेन संख्या 59606 को चित्तौड़गढ़ की लोकल ट्रेन के इंतजार में रोकने से करीब 300 यात्रियों को परेशानी हो रही है। रेल संघर्ष समिति ने प्राथमिकता से ट्रेन रवाना करने की मांग उठाई।
मावली। बड़ीसादड़ी से मावली आने वाली ट्रेन को निर्धारित समय पर प्राथमिकता के आधार पर रवाना करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधि प्रवीण दक ने सिटी रेलवे स्टेशन पर क्षेत्रीय अधिकारी अवधेश कुमार से मुलाकात कर यात्रियों को हो रही परेशानी से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा।
प्रवीण दक ने बताया कि ट्रेन संख्या 59606 बड़ीसादड़ी से चलकर सुबह 7:15 बजे मावली जंक्शन पहुंचती है। इसका इंजन भी सुबह 7:35 बजे तक बदल दिया जाता है। इसके बावजूद चित्तौड़गढ़ से आने वाली लोकल ट्रेन संख्या 59610 के इंतजार में बड़ीसादड़ी ट्रेन को कई बार अनावश्यक रूप से रोक दिया जाता है। जबकि चित्तौड़गढ़ से आने वाली ट्रेन अक्सर सुबह 7:40 से 7:50 बजे के बीच या इससे भी अधिक देरी से मावली पहुंचती है।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के कारण बड़ीसादड़ी और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को बेवजह इंतजार करना पड़ता है और उनके समय की हानि होती है। प्रतिदिन यात्रा करने वाले लगभग 300 यात्रियों, जिनमें अधिकांश मजदूर वर्ग के लोग हैं, को समय पर अपने कार्यस्थल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रवीण दक ने यह भी बताया कि उदयपुर पहुंचने की जल्दबाजी में कुछ यात्रियों द्वारा असुरक्षित तरीके से ट्रेन बदलने का प्रयास किया जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
रेल संघर्ष समिति ने मांग की कि ट्रेन संख्या 59606 का मावली जंक्शन पर इंजन बदलने की प्रक्रिया सुबह 7:35 बजे तक पूरी होने और ट्रेन के रवाना होने के लिए तैयार रहने की स्थिति में उसे प्राथमिकता देते हुए पहले रवाना किया जाए। इससे यात्रियों को अनावश्यक इंतजार और ट्रेन बदलने के दौरान संभावित दुर्घटना के जोखिम से बचाया जा सकेगा।
क्षेत्रीय अधिकारी अवधेश कुमार ने इस मांग को वाजिब एवं जरूरी बताते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान रेल संघर्ष समिति की ओर से अजीत जारोली भी उपस्थित रहे।