भीलवाड़ा के विद्यार्थियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच, यूनेस्को कराएगा जापान की एनिकी पेंटिंग प्रतियोगिता
भीलवाड़ा में यूनेस्को जापान की प्रतिष्ठित एनिकी पेंटिंग प्रतियोगिता 2026-27 आयोजित करेगा। जिले के कई विद्यालयों में होने वाली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टेशनरी मिलेगी, जबकि राजस्थान के पांच विजेताओं को जापान जाने का अवसर मिलेगा।
भीलवाड़ा में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए यूनेस्को जापान की प्रतिष्ठित एनिकी पेंटिंग प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन करेगा। इसके तहत भीलवाड़ा शहर सहित जिले के कई विद्यालयों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
संयुक्त राष्ट्र के शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन यूनेस्को क्लब से संबंधित स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान और जिला यूनेस्को एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नेशनल फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन फोर जापान का सहयोग लिया जाएगा।
स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने बताया कि एनिकी पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से भीलवाड़ा के विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यूनेस्को की ओर से वर्ष 2026-27 में आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में कला, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता पूरे भारतवर्ष में आयोजित की जा रही है।
जिला यूनेस्को की प्रवक्ता मधु लोढा ने बताया कि भीलवाड़ा शहर सहित जिले के कई विद्यालयों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ड्राइंग शीट, कलर बॉक्स, बैनर सहित अन्य आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे प्रतियोगिता में भाग ले सकें।
प्रतियोगिता के विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे राजस्थान से पांच विजेता विद्यार्थियों को जापान जाने का अवसर भी मिलेगा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी रचनात्मक क्षमता प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।