भीलवाड़ा में जिला यूनेस्को एसोसिएशन की बैठक, चित्रकला प्रतियोगिता और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों पर बनी सहमति
भीलवाड़ा में जिला यूनेस्को एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में विश्व कल्याण, मानवीय मूल्यों और सांस्कृतिक उन्नयन पर चर्चा हुई। बैठक में विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों को स्टेशनरी वितरण और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्णय लिए गए।
भीलवाड़ा के नेहरू रोड स्थित कार्यालय में जिला यूनेस्को एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में शामिल अध्यक्ष ललित कुमार अग्रवाल व अन्य सदस्य।
भीलवाड़ा में जिला यूनेस्को एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने के साथ विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की गई। बैठक में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को विश्व कल्याण का आधार बताते हुए मानवीय मूल्यों और नैतिकता के विकास पर जोर दिया गया।
स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाललाल माली ने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम से ही विश्व का कल्याण संभव है। इसके लिए सामाजिक और शैक्षिक चेतना के साथ सांस्कृतिक उन्नयन जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन यूनेस्को इस दिशा में काम कर रहा है। संस्कृति के आदान-प्रदान के माध्यम से मानवीय मूल्यों और नैतिकता को विकसित करना भी जरूरी है।
नेहरू रोड स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित कुमार अग्रवाल ने की। एसोसिएशन के सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा ने बताया कि बैठक में आगामी दिनों में जिला यूनेस्को एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में यूनेस्को की ओर से कई विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करने और इसमें भाग लेने वाले बच्चों को ड्राइंग शीट, रंगों सहित अन्य स्टेशनरी वितरित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
कार्यकारिणी बैठक में पूर्व सभापति मधु जाजू, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन, पूर्व अध्यक्ष चेतन मानसिंहका, कोषाध्यक्ष विशाल विजयवर्गीय, संगठन मंत्री कमलेश जाजू, जिला यूनेस्को की प्रवक्ता मधु लोढा, उषा अग्रवाल, रामचन्द्र मून्दड़ा, साधना मेलाना, राजेश जीनगर, ओम उज्ज्वल और तोताराम सांखला सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।