भीलवाड़ा: सहारा पंचायत समिति चुनाव, पहले दिन 10 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे
भीलवाड़ा जिले की सहारा पंचायत समिति के 19 वार्डों में चुनाव के पहले दिन 10 उम्मीदवारों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र सौंपे।
भीलवाड़ा की सहारा पंचायत समिति चुनाव में निर्वाचन अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपते उम्मीदवार।
भीलवाड़ा जिले की पंचायत समिति सहाड़ा के 19 वार्डों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन 10 उम्मीदवारों ने निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत कर अपनी दावेदारी पेश की। प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी मैदान में हलचल बढ़ गई और विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों की सक्रियता दिखाई देने लगी।
निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर ने बताया कि नामांकन के पहले दिन वार्ड संख्या 1 से राजू सालवी, वार्ड संख्या 2 से शैलू कंवर, वार्ड संख्या 6 से देवेंद्र कुमार टांक, वार्ड संख्या 7 से हर्षित सुवालका और वार्ड संख्या 8 से भेरू लाल भील ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं, वार्ड संख्या 9 से रामपाल जाट एवं पारस देवी जाट, वार्ड संख्या 12 से सुमित्रा असावा तथा वार्ड संख्या 19 से सुखदेव गुर्जर और हस्तीमल बाफना ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
पंचायत समिति सहाड़ा के कुल 19 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन ही अलग-अलग वार्डों से उम्मीदवारों के आवेदन सामने आने के साथ चुनावी गतिविधियों ने गति पकड़ ली है। आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों, संभावित उम्मीदवारों और उनके समर्थकों के बीच भी उत्साह दिखाई देने लगा है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मौके पर डीएसपी सुदर्शन पालीवाल और थाना प्रभारी पुरण मीणा मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
पंचायत समिति सहाड़ा के 19 वार्डों में चुनाव को लेकर पहले दिन से ही प्रत्याशियों की दावेदारी सामने आने लगी है। अब आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया, उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या और चुनावी समीकरणों पर क्षेत्रवासियों की नजरें रहेंगी।