भीलवाड़ा में पंचायतीराज चुनाव: मतदान के दिन इन पंचायत समितियों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
भीलवाड़ा में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के लिए 22, 24, 28 और 30 अक्टूबर को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने दोनों चरणों की मतदान तिथियों और संबंधित पंचायत समितियों में सार्वजनिक अवकाश को लेकर जानकारी दी है।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत भीलवाड़ा जिले में मतदान के दिनों संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) जसमीत सिंह संधू ने बताया कि मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा देने के लिए राज्य सरकार ने परक्राम्य लिखत अधिनियम (NI ACT) 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश की अधिसूचना जारी की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संयुक्त शासन सचिव, वित्त (मार्गोपाय) विभाग, राजस्थान, जयपुर की अधिसूचना क्रमांक प.16(1)वि.मा./2024 दिनांक 08/10/2026 के क्रम में यह अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत जिले में पंचायतीराज चुनाव के दोनों चरणों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा पंच एवं सरपंच पदों के मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अवकाश रहेगा।
प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 22 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को मतदान होगा। वहीं, पंच एवं सरपंच पदों के लिए 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को मतदान कराया जाएगा। इन दोनों मतदान तिथियों पर पंचायत समिति कोटड़ी, जहाजपुर, खजूरी, माण्डलगढ़, बिजौलिया, माण्डल, करेड़ा, सुवाणा एवं बनेड़ा के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
इसी प्रकार, द्वितीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 28 अक्टूबर 2026 (बुधवार) को मतदान होगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को मतदान निर्धारित है। इस चरण में पंचायत समिति रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा, फूलियाकलां, आसीन्द, शम्भूगढ़ एवं हुरड़ा के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने स्पष्ट किया कि यदि मतदान दिवस की तिथि में परिवर्तन होता है या पुनर्मतदान की स्थिति बनती है, तो संशोधित मतदान दिवस अथवा पुनर्मतदान दिवस पर भी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अवकाश रहेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के लिए सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर देना है।