मोहन भागवत 14 सितंबर को भीलवाड़ा दौरा करेंगे, आचार्य पुलकसागर से मुलाकात संभव
आरएसएस प्रमुख शास्त्रीनगर के सूर्यमहल में आचार्यश्री के दर्शन कर धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर संवाद करेंगे।
तस्वीर में भीलवाड़ा में मंच पर विराजमान आचार्य पुलकसागर महाराज श्रद्धालुओं से भेंट स्वीकार करते हुए।
भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज से दर्शन एवं धर्म चर्चा के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 14 सितम्बर को भीलवाड़ा आएंगे। आरएसएस प्रमुख के आगमन की अधिकृत सूचना मिलने के बाद श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सोमवार सुबह 11 बजे आचार्यश्री के प्रवास स्थल शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल पहुंचेंगे। यहां चातुर्मास समिति की ओर से उनका स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद संघ प्रमुख भागवत और आचार्य पुलकसागरजी के बीच करीब एक घंटे तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
संघ प्रमुख के आगमन का कार्यक्रम तय होने के बाद चातुर्मास स्थल पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
गौरतलब है कि श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मेन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से आचार्य पुलकसागरजी महाराज भीलवाड़ा में चातुर्मास कर रहे हैं। आचार्य पुलकसागरजी अपनी ओजस्वी वाणी एवं क्रांतिकारी विचारों के लिए पूरे देश में विशिष्ट पहचान रखते हैं। सामाजिक और पारिवारिक विषयों के साथ राष्ट्र के समक्ष मौजूद चुनौतियों एवं मुद्दों पर भी वे बेबाक राय रखते हैं। वे लोगों के विचारों को प्रभावित कर उन्हें धर्म पथ पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।